मुकेश वर्मा
हरिद्वार। कोतवाली रानीपुर पुलिस ने क्षेत्र से लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं को गम्भीरता से लेते हुए अंतर्राज्यीय बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। जिनकी निशानदेही से उत्तर प्रदेश और उत्तराखण्ड के अलग-अलग शहरों से चोरी की गई 25 बाइके बरामद की है। जिनमें 06 बाइके रानीपुर क्षेत्र से चोरी की गई थी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सम्ंबधित धाराओं में मामला दर्ज करते हुए मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। पुलिस दबोचे गये आरोपियों के गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई है। अंतर्राज्यीय दो पहिया वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने कैम्प कार्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान किया।
उन्होंने बताया कि कोतवाली रानीपुर क्षेत्र में लगातार 6 बाइक चोरी की घटनाओं को गम्भीरता से लेते हुए रानीपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी की अगुवाई में एक पुलिस टीम गठित कर इन घटनाओं का जल्द से जल्द खुलासा करने के कडे निर्देश देते हुए टैक्निकल सपोर्ट एवं फैक्टर लीड देने की जिम्मेदारी सीआईयू हरिद्वार को सौंपी गई थी। पुलिस टीम ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालते हुए मिले साक्ष्यों के आधार पर चोरों की तलाश शुरू की।
कप्तान ने बताया कि पुलिस टीम को चैकिंग के दौरान सूचना मिली कि नहर पटरी से जमालपुर को जाने वाले कच्चे रास्ते के पास से दो संदिग्ध देखे गये है। इस सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों संदिग्धों को दबोच लिया। जिनके पास से क्षेत्र से चोरी की गई बाइक बरामद हुई। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना नाम भव्य उर्फ भोला पुत्र अरुण कुमार निवासी अमीरपुर गांगू थाना कोतवाली शहर बिजनौर उ0प्र0 और सुधीर कुमार पुत्र कालू निवासी रसूलपुर आबाद थाना हल्दौर जनपद बिजनौर उत्तर प्रदेश बताया है।
एसएसपी ने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ के दौरान खुलासा किया कि एक आरोपी भव्य उर्फ भोला नशे के इंजेक्शन लगाने का आदी है तथा उसका साथी सुधीर एक मोटर मैकेनिक(मिस्त्री) है। ये दोनों साथ मिलकर हरिद्वार, ऋषिकेश, बिजनौर सहित अन्य जगहो से कई मोटर साईकिले चोरी कर सस्ते रेट मे राहगीरों को बेच देते हैं। कोई दोपहिया अगर नही बिक पा रहा है तो उसे खोलकर उसके अलग-अलग पार्ट्स भी बेच देते हैं। काली कमाई से हुए मुनाफे को दोनों आपस मे बराबर बांट लेते हैं। ये भी पता चला कि दोनो आरोपियो ने विभिन्न क्षेत्रो से चोरी की गयी कई मोटर साईकिलों को दादूपुर गोविन्दपुर स्थित एक खण्डहर में छुपा रखा है।
एसएसपी ने बताया कि पुलिस टीम ने आरोपियों की निशानदेही पर छापा मारकर खंडहर में छुपाकर रखी गई चोरी की 24 अन्य मोटर साईकिले एवं वाहनो के पार्ट्स बरामद किये। बरामद वाहनों में हरिद्वार की कोतवाली रानीपुर, कोतवाली ज्वालापुर, कोतवाली नगर, थाना सिडकुल, थाना मंगलौर एवं पडोसी राज्य यूपी के जनपद बिजनौर से चोरी किए गए दोपहिया शामिल हैं। अन्य बरामद मोटर साईकिलो की जानकारी की जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज करते हुए मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
