मुकेश वर्मा
हरिद्वार। कोतवाली रानीपुर और सीआईयू की संयुक्त टीम की सक्रियता के चलते तमंचे की नोक पर लूट को अंजाम देने वाले स्कूटी सवार चार बदमाशों को टीम ने बीती रात रेगुलेटर पुल के पास से गिरफ्तार किया है। जिनके पास से पुलिस टीम ने 315 बोर का एक तमंचा, जिंदा कारतूस, चाकू, गत दिनों क्षेत्र चिन्मय डिग्री कॉलेज के पास ज्वालापुर निवासी व्यक्ति से लूटी गई स्कूटी, पर्स जिसमें आधार कार्ड, पैन कार्ड, और मोबाइल बरामद किया है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने ज्वालापुर निवासी से लूट की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया है। इस लूट का खुलासा एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने सोमवार को कोतवाली रानीपुर परिसर में पत्रकार वार्ता के दौरान किया।
उन्होंने बताया कि 23 मई की रात सिडकुल की ओर से स्कूटी से घर लौट रहे सौरभ सती निवासी ब्रज विहार कालोनी सीतापुर ज्वालापुर को चिन्मय डिग्री कॉलेज के पास पीछे से आ रहे 04 अज्ञात स्कूटी सवारों ने रोककर तमंचे की नोक पर डरा धमकाकर उसकी स्कूटी, मोबाइल, पर्स व नगदी 5 हजार की लूट की थी। जिसके सम्बंध में पीडित की ओर से कोतवाली रानीपुर में मुकदमा दर्ज कराया गया था। लूट की घटना की जानकारी उनको मिलते ही उनके द्वारा घटना के खुलासे के निर्देश कोतवाली रानीपुर पुलिस को दिए गये थे। लूट की वारदात के खुलासे के लिए सीआईयू टीम को भी शामिल किया गया था।
एसएसपी ने बताया कि पुलिस और सीआईयू की संयुक्त टीम ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरांे को खंगालते हुए लूटेरों की शिनाख्त के प्रयास करते हुए उनकी तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने लूटेरों तक पहुंचने के लिए मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया। पुलिस टीम लूटेरों की तलाश में जुटी थी कि इसी दौरान सूचना मिली कि रेगुलेटर पुल के पास स्कूटी सवार कुछ संदिग्ध देखे गये है। इस सूचना पर पुलिस और सीआईयू की संयुक्त टीम ने बिना वक्त गंवाये मौके से घेर घोट कर दो स्कूटी सवार चार संदिग्धों को दबोच लिया। जिनकी तलाशी लेने पर पुलिस ने उनके पास से 315 बोर का एक तमंचा, चाकू, लूटी गई स्कूटी, पर्स जिसमें आधार कार्ड व पैन कार्ड बरामद किया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सम्ंबधित धाराओं में मामला दर्ज करते हुए मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
