पीडिता रोड़ीबेलवाला क्षेत्र में भीख मांगकर करती हैं अपना गुजर बसर
महिला 40 रूपये देकर आटा लाने को बोलकर पीछे से किया बच्चा चोरी
एसएसपी ने मामले को गम्भीरता से लेते हुए बच्चा बरामदगी के दिये निर्देश
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। कोतवाली नगर क्षेत्र में रविवार को आटे का लालच देकर उसके 07 माह का बच्चा चोरी कर ले जाने का सनसनी खेज मामला प्रकाश में आया है। पीडिता ने बच्चा चोर महिला की काफी तलाश की, मगर कोई सुराग नहीं लग सका है। पीडिता ने घटना की जानकारी रोड़ीबेलवाला चौकी पुलिस को दी है।
बच्चा चोरी होने की घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कम्प मच गया। जिसकी जानकारी पुलिस ने आलाधिकारियों को दी। बच्चा चोरी का मामला प्रकाश में आने पर एसएसपी ने तत्काल बच्चा बरामदगी के लिए पुलिस टीम गठित कर बच्चा बरामदगी के निर्देश दिये है। पुलिस घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से बच्चा चोर महिला की शिनाख्त के प्रयास करते हुए तलाश में जुट गयी है।
कोतवाली नगर एसएसआई मुकेश थलेड़ी ने बताया कि चण्डीघाट कोतवाली नगर हरिद्वार निवासी मंजू ने तहरीर देकर शिकायत की है। शिकायत में कहा गया हैं कि वह रोड़ीबेलवाला क्षेत्र में भीख मांगने का काम करती है। बीते दिन दोपहर को भीख मांगते वक्त एक अज्ञात महिला ने उसको 40 रूपये देकर आटा लाने को बोला। जिसपर विश्वास कर वह अपना 07 माह के बच्चा उसके पास छोड़कर आटा लेने चली गई।
जब वह वापस लौटी तो ना महिला उसके बच्चे को लेकर लापता थी। जिसकी जानकारी उसके द्वारा आसपास के लोगों को देते हुए तलाश शुरू कर दी। लेकिन महिला का कोई सुराग नहीं लग सका। पुलिस ने पीडिता की तहरीर पर अज्ञात महिला के खिलाफ बच्चा चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस घटना से आलाधिकारियों को अवगत कराया गया। एसएसपी अजय सिंह ने बच्चा चोरी का मामला संज्ञान में आते ही पुलिस तत्काल पुलिस टीम गठित कर बच्चा बरामदगी के निर्देश दिये।
उन्होंने बताया कि पुलिस टीम ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालते हुए बच्चा चोर महिला की शिनाख्त के प्रयास करते हुए तलाश शुरू कर दी है। पुलिस टीम ने बस अड्डे, रेलवे स्टेशन, हरकी पौड़ी समेत अन्य क्षेत्रों के सीसीटीवी कैमरों को खंगालते हुए बच्चा चोर महिला की तलाश में जुटी है। पुलिस टीम ने बच्चा बरामदगी के लिए मुखबिर तंत्र को भी अलर्ट किया गया है। इसके साथ ही पुलिस ने आसपास थाने-चौकियों की मदद से बच्चे की फोटो भेजकर मामले से अवगत कराया गया है।








