डेढ माह पूर्व युवती से मोबाइल झपटकर हुए थे फरार
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। कनखल पुलिस ने युवती से मोबाइल झपटने वाले बाइक सवार दो झपटमारों को दबोचा है। जिनके पास से पुलिस ने युवती से झपटा गया मोबाइल बरामद किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया। जिनको मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। वहीं झपटमारी में इस्तेमाल बाइक को सीज किया गया है।
कनखल थाना प्रभारी नितेश शर्मा ने बताया कि 07 मई को कनखल निवासी एक युवती से कुम्हारगढ़ा क्षेत्र से बाइक सवार दो युवक मोबाइल झपटकर फरार हो गये थे। पीडिता ने अज्ञात बाइक सवारों के खिलाफ तहरीर देकर शिकायत की थी। शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात झपटमारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालते हुए झपटमारों की शिनाख्त के प्रयास करते हुए तलाश शुरू कर दी थी। पुलिस बाइक सवार झपटमारों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान पुलिस ने सूचना पर शुक्रवार की शाम को जियापोता जाने वाले मार्ग से मोबाइल झपटने वाले बाइक सवार दोनों झपटमारों को दबोच लिया। जिनके पास से पुलिस ने युवती से झपटा गया मोबाइल बरामद कर लिया।
पूछताछ के दौरान झपटमारों ने अपना नाम शिवम पुत्र गम्भीर और गौरब पुत्र मंगलराम निवासीगण ग्राम दुर्गागढ थाना पथरी जनपद हरिद्वार बताया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया। जिनको मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। जबकि मोबाइल झपटमारी में इस्तेमाल बाइक को सीज कर दिया।
