डीजीपी ने वीडियो कांन्फ्रेंस के जरिये दिये जनपद प्रभारियों को निर्देश
चारधाम यात्रा के श्रृद्धालुओं को किया जाए मौसम के सम्बंध में अपडेट
केदानाथ धाम पर ग्लेशियर के दोनों ओर किया जाए एसडीआरएफ तैनात
सुरक्षा के दृष्टिगत डेलीगेट्स हेतु अलग से कॉरिडोर बनाये जाने के निर्देश
डॉ. मनु शिवपुरी
(उत्तराखण्ड ब्यूरो)
देहरादून। चारधाम यात्रा के दौरान बारिश एवं बर्फबारी के मौसम अलर्ट एवं नरेन्द्रनगर में प्रस्तावित जी-20 की बैठक की सुरक्षा के दृष्टिगत शनिवार को पुलिस महानिदेशक, उत्तराखण्ड अशोक कुमार द्वारा वीडियो कांन्फ्रेंस के माध्यम से समीक्षा कर सम्बन्धित जनपद प्रभारियों को निर्देश दिये है। जिसमें कहा गया हैं कि ऋषिकेश से लेकर यात्रा मार्गों पर स्थित समस्त चौक प्वाइन्ट्स पर यात्रियों को मौसम के पूर्वानुमान के बारे में जानकारी दी जाए। साथ ही चारधाम यात्रा के दौरान बारिश एवं बर्फबारी के मौसम अलर्ट के बारे में यात्रियों को विभिन्न माध्यमों से भी अपडेट किया जाए।
उन्होंने कहा कि केदानाथ धाम मार्ग में स्थित ग्लेशियर के दोनों तरफ वायरलेस सेट के साथ एसडीआरएफ की ड्यूटी लगाई जाय। ग्लेशियरों के आस-पास से श्रृद्धालुओं को सावधानीपूर्वक ग्लेशियर पार कराए जाने की व्यवस्था की जाए स कुछ भी असमान्य प्रतीत होने पर दोनो किनारों पर यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर रोकने हेतु निर्देशित करें। प्रस्तावित जी-20 बैठक हेतु समय से ड्यूटी चार्ट एवं समस्त व्यवस्थाओं के प्रभारियों की नियुक्ति करने हेतु निर्देशित किया गया। डीजीपी अशोक कुमार ने सुरक्षा के दृष्टिगत डेलीगेट्स हेतु अलग से कॉरिडोर बनाये जाने के भी निर्देश दिये है। साथ ही प्रत्येक सभास्थल पर सीसीटीवी कैमरा अधिष्ठापित किये जायें। परमार्थ निकेतन में गंगा आरती के दौरान सुरक्षा के दृष्टिगत ड्रोन एवं स्पेशल राफ्ट का इस्तेमाल किया जाय।
इस अवसर पर अपर पुलिस महानिदेशक, अपराध एवं कानून व्यवस्था वी मुरूगेशन, अपर पुलिस महानिदेशक, अभिसूचना एवं सुरक्षा एपी अंशुमान, पुलिस महानिरीक्षक, गढ़वाल परिक्षेत्र करन सिंह नगन्याल, सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
