
महिला का शव सड़ी गली हालत में गैंडीखाता नहर से बरामद
ढाबा संचालक के साथ नाश्ते को लेकर हुआ था विवाद
नाराज महिला ने कांगड़ी के जंगल में किया था सुसाइड
सुसाइड की जानकारी पर ढाबा संचालक ने शव नहर में फैंका
लीव-इन-रिलेशन में रहने वाला ढाबा संचालक गिरफ्तार
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। श्यामपुर पुलिस ने सूचना पर ढाबा संचालक के साथ लीव-इन-रिलेशन में रहने वाली खाना बादोश महिला के सुसाइड मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने सुसाइड करने वाली महिला का शव सड़ी गली हालत में नहर से बरामद कर लिया। वहीं पुलिस ने ढाबा संचालक के खिलाफ सुसाइड के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने ढाबा स्वामी के खिलाफ अपनी ओर से मुकदमा दर्ज करते हुए मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
श्यामपुर थाना एसओ विनोद थपलियाल ने बताया कि गुरूवार को कंट्रॉल रूम को सूचना मिली कि कांगड़ी श्यामपुर स्थिति ढाबा संचालक केदार सिंह ने एक महिला की हत्या कर शव को कांगड़ी के जंगल में छुपा दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस ने आलाधिकारियों को मामले से अवगत कराया गया। एसएसपी अजय सिंह के निर्देश पर पुलिस की एक टीम गठित की गयी। पुलिस टीम ने सूचना पर ढाबा संचालक केदार सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान ढाबा संचालक ने अपना नाम केदार सिंह रावतपुर पुत्र जोड़ सिंह निवासी ग्राम रिया रुइया थाना व जिला चंपावत हाल ग्रीन पंजाबी ढाबा कांगड़ी थाना श्यामपुर हरिद्वार बताया।
पूछताछ के दौरान ढाबा संचालक ने खुलासा किया कि करीब 08 माह पूर्व शिवानी उम्र 45 वर्ष नाम की खानाबदोश महिला से ढाबा पर मुलाकात हुई थी। महिला शिवानी का परिजन कोई नहीं होने पर दोनों लीव-इन-रिलेशन में रहने लगे। महिला ढाबे में बर्तन साफ करने का काम करने लगी। ढाबा संचालक ने बताया कि 23 अप्रैल की सुबह नाश्ते को लेकर दोनो के बीच विवाद होने पर महिला ने नाराज होकर कांगड़ी जंगल में जाकर पेड़ से लटकर सुसाइड कर लिया। सुसाइड की जानकारी मिलने पर उसने महिला के लावारिश होने के चलते शव को पेड़ से उतारकर नहर में फेंक दिया।
श्यामपुर एसओ ने बताया कि पुलिस ने ढाबा संचालक को साथ लेकर घटना स्थल पर पहुंची, जहां पर महिला के पेड़ से लटकर सुसाइड करना बताया जा रहा था। घटना स्थल का निरीक्षण करने पर पुलिस टीम को पेड़ से महिला के बाल फंसे मिले। पुलिस टीम ने ढाबा संचालक की निशानदेही पर नहर में महिला के शव की तलाश शुरू की गई। लेकिन कोई सफलता नहीं मिली, लेकिन पुलिस ने अपना सर्च अभियान जारी रखा। पुलिस टीम ने महिला के शव को गुज्जरबस्ती गैंडीखता के समीप नहर से सड़ी गली हालत में बरामद कर लिया।
पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला की मौत का कारण फांसी लगना पाया गया। पुलिस ने अपनी ओर से ढाबा संचालक के केदार सिंह के खिलाफ महिला को सुसाइड करने के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।