चारधाम यात्रा के नाम पर ठगी करने वाली 8 फर्जी वेबसाइट बंद
हेलीसेवा टिकट बुकिंग के नाम देशभर में की जा रही थी ठगी
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। एसटीएफ ने चारधाम यात्रा को लेकर हेलीसेवा टिकट बुकिंग के नाम पर ठगी करने वाली 08 फर्जी वेबसाइटों पर शिंकजा कसते हुए उनको तत्काल बंद कराया गया है। उत्तराखण्ड एसटीएफ ने श्रद्धालुओं से वेबसाइट का बिना सत्यापन कराये हेलीसेवा की टिकट बुक ना करने की अपील की है।
एसटीएफ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आयुष अग्रवाल ने बताया कि वर्तमान में साईबर अपराधी आम जनता की गाढी कमाई हडपने के लिए अपराध के नये-नये तरीके अपना कर धोखाधडी कर रहे हैं। इसी परिप्रेक्ष्य में ठगों के द्वारा हेलीसेवा के नाम पर फर्जी वेबसाईट तैयार कर हेलीसेवा बुकिंग के नाम पर देशभर में विभिन्न राज्यों में लाखों रुपये की धोखाधडी की जा रही है। विगत वर्षों में देखा गया था कि कई साईबर ठगी की शिकायतें साईबर थाने पर प्राप्त हुई थी। जिसमें विभिन्न राज्यों के लोगों के साथ चारधाम यात्रा हेलीकाप्टर बुकिंग सेवा के नाम पर ठगी की गयी थी। इस प्रकार की ठगी का मुख्य कारण यह था कि लोगों को चारधाम यात्री की हेलीसेवा बुकिंग की आधिकारिक वेबसाईट की जानकारी नहीं थी।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष चारधाम यात्रा हेतु हेलीकाप्टर सेवा की आधिकारिक बुकिंग 08 अप्रैल, 2023 से प्रारम्भ हो चुकी है। जिसमें आईआरसीटीसी द्वारा अपनी वेबसाईट को चारधाम हेलीसेवा की बुकिंग के लिए अधिकृत किया गया है। इस वेबसाईट URL www.heliyatra.irctc.co.in के माध्यम से अपनी यात्रा हेतु हेली सेवा बुक करा सकते है, कोई भी भुगतान करने से पहले सम्बन्धित भुगतान के माध्यम की जाँच पडताल स्वंय कर ले। इस क्रम में स्पेशल ट्रास्क फोर्स उत्तराखण्ड द्वारा एक अभियान चलाया गया है।
एसएसपी एसटीएफ आयुष अग्रवाल ने जनता से अपील की है कि कोई भी फर्जी हेली सेवा वेबसाईट, मोबाईल नम्बर लिंक आदि की जानकारी स्पेशल ट्रास्क फोर्स उत्तराखण्ड के आँफिस देहरादून से साझा करें। इस क्रम में 02 मोबाईल नं0- 9456591505 एवं 9412080875 पर ऐसे किसी भी जानकारी से स्क्रीनशाँट के साथ जानकारी साझा करें।’ एसटीएफ एवं साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन लगातार फर्जी वेबसाइट की निगरानी कर रहा है। जिस पर कार्यवाही करते हुए अब-तक कुल 08 फर्जी बेवसाइटों को बन्द कराया जा चुका है।
एसटीएफ द्वारा बंद कराई गयी फर्जी वेबसाइट
- https://www.helicopterticketbooking.in/
- https://radheheliservices.online
- https://kedarnathticketbooking.co.in/
- https://heliyatrairtc.co.in/
- https://kedarnathtravel.in/
- https://instanthelibooking.in
- https://kedarnathticketbooking.in/
- https://kedarnathheliticketbooking.in/
