सतपाल महाराज के सद्भावना सम्मेलन में भी उमड़ी भक्तों की भीड़
प्रशासन ने किये सुरक्षा व यातायात व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। बैशाखी स्नान पर्व पर विभिन्न प्रांतो से आये लाखों श्रद्धालुओं ने हरकी पौड़ी समेत अलग-अलग गंगा घाटों पर स्नान कर पुण्य अर्जित किया। श्रद्धालुओं ने स्नान के बाद मन्दिरों में पूजा अर्चना करते हुए परिजनों समेत शुभचिंतकों की कुशलता की कामना की। प्रशासन की ओर से स्नान पर्व को सम्पन्न कराने के लिए व्यापक बदोबस्त करते हुए मेला क्षेत्र को 4 सुपर जोन, 15 जोन और 39 सेक्टरों में विभक्त किया गया था। साथ ही यातायात प्लान लागू करते हुए वाहनों की पार्क की व्यवस्था की गयी थी। ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना ना करना पड़े। श्रद्धालुओं का स्नान करने के लिए तड़के 3 बजे से देर शाम तक गंगा घाटों पर सिलसिला जारी रहा। स्नान पर्व सकुशल सम्पन्न होने पर प्रशासन ने राहत की सास ली। जबकि सतपाल महाराज का सद्भावना सम्मेलन ऋषिकुल मैदान में जारी है, जोकि शनिवार तक जारी रहेगा।
तीर्थनगरी में बैशाखी स्नान पर्व एवं सद्भावना सम्मेलन में भारी संख्या में भक्तों व श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने को देखते हुए प्रशासन की ओर से व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किये गये थे। बैशाखी स्नान पर्व पर विभिन्न प्रांतों से आये लाखों श्रद्धालुओं का हरकी पौड़ी समेत शहर के अलग-अलग गंगा घाटों पर स्नान करने के लिए तड़के से ही ताता लग गया। जोकि देर शाम तक स्नान करने का सिलसिला चलता रहा। श्रद्धालुओं ने स्नान करते हुए पुण्य अर्जित करते हुए मन्दिरों में पूजा अर्चना की। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने मां मंशा देवी व मंा चण्डी देवी मन्दिर पहुंचकर मां भगवती के दर्शन करते हुए पूजा अर्चना कर उनका आशीवार्द लिया।
बैशाखी स्नान पर्व व सद्भावना सम्मेलन में पहुंचने वाले भक्तों व श्रद्धालुओं की सुरक्षा व व्यवस्था समेत यातायात के पुख्ता इंतजाम किये गये थे। बस अड्डे व रेलवे स्टेशन समेत भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करते हुए पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिस प्रशासन की ओर से हाईवे व शहर के भीतर जाम की स्थिति से निपटने के लिए यातायात प्लान लागू किया गया था, ताकि हरिद्वार पहुंचने वाले यात्रियों को किसी भी परेशानी का सामना ना करना पड़ें।
स्नान पर्व की दोपहर को शहर में श्रद्धालुओं की भीड़ का दबाब कम होने पर व्यापारियों को अपने प्रतिष्ठानों तक दो पाहिया वाहनों से आने जाने के लिए छूट दे दी गयी। प्रशासन की ओर से सतपाल महाराज के सद्भावना सम्मेलन जोकि ऋषिकुल मैदान में आयोजित सम्मेलन जोकि 13 अप्रैल से 15 अप्रैल तक जारी है, मेें उमड़ने वाले भक्तों की भीड़ को भी ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व यातायात की व्यवस्था की गयी हैं। डीएम व एसएसपी द्वारा मेला क्षेत्र का भ्रमण करते हुए व्यवस्थाओं को जायजा लिया।
