ससुरालियों पर पैसों के लिए उत्पीड़न का लगा आरोप
निठल्ला पति दहेज में मिली कार भी बेच खाया
मायके से पैसे मांगने के लिए डाला रहा था दबाब
आरोपः उत्पीड़न से परेशान होकर खाया जहर
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। नवविवाहिता की बुधवार की देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ खाकर मौत हो गयी। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया।
घटना के सम्बंध में मृतका के भाई ने बहन के पति समेत चार ससुरालियों पर पैसों के लिए उत्पीड़न करने तथा उनसे परेशान होकर मजबूरन जहर खाने के लिए मजबूर करने का आरोप लगाते हुए शिकायत की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने गुरूवार को मृतका के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपूर्द कर दिया।
बहादराबाद एसओ नितेश शर्मा ने बताया कि बीती देर रात सूचना मिली कि एक महिला ने रोहलकी बहादराबाद में जहरीला पदार्थ खा लिया है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। मृतका की पहचान गुंजन पत्नी राहुल निवासी रोहलकी बहादराबाद हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रात को ही जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया।
घटना के सम्बंध में मृतका के भाई प्रिंस तोमर पुत्र महीपाल निवासी ग्राम-पोस्ट मुण्डाली जनपद मेरठ यूपी ने तहरीर देकर शिकायत की है। शिकायत में कहा हैं कि उसकी बहन का शादी 20 फरवरी 22 को राहुल के साथ हुई थी। शादी में मायके वालों ने एक कार समेत काफी समान दिया था। लेकिन ससुरालिये इतना देने के बाद भी खुश नहीं थे।
आरोप हैं कि शादी के कुछ समय बाद से ही उसकी बहन गुंजन को उसका पति राहुल, जेठ सचिन, जेठानी रीतु और सास सुनीता उसको पैसे के लिए परेशान करते थे। राहुल शादी में दी गयी कार को भी बेचकर खा गया। आरोप हैं कि उसकी बहन पर पति समेत ससुरालिये मायके से पैसा मांगाने के लिए दबाब डालते थे। ससुरालियों द्वारा पैसों के लिए शरीरिक व मानसिक उत्पीड़न किया जा रहा था। जिनसे परेशान होकर उसकी बहन को जहरीला पदार्थ खाने के लिए मजबूर कर दिया।
तहरीर में पीडित भाई ने बहन के पति, सास, जेठ और जेठानी के खिलाफ कानूनी कार्यवाही करने की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने गुरूवार को पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों के सुपूर्द कर दिया। पुलिस महिला के पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने की इंतजार कर रही है।
