जटवाड़ा पुल के पास गंगनहर में पैसे ढूढ रहे बच्चों ने पकड़ा
थैले में नग्न हालत में नवजात का शव मिलने से मचा हड़कम्प
पुलिस ने नवजात शव बरामद कर पोस्टमार्टम को भेजा, मुकदमा
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। थैले में बंद नवजात शिशु का शव गंगनहर से नग्न हालत में मिलने से हड़कम्प मच गया। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर आसपास के लोगों से मामले की जानकारी जुटाने का प्रयास किया। लेकिन कोई सफलता नहीं मिलने पर पुलिस ने नवजात के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मामले के सम्बंध में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली ज्वालापुर एसएसआई संतोष सेमवाल ने बताया कि मंगलवार की दोपहर को पुल जटवाड़ा गंगनहर में कुछ बच्चे पैसे ढूढ रहे थे। तभी एक थैला गंगनहर में बहता हुआ आता देख बच्चों ने उसको पकड़ लिया। जब बच्चों ने थैले को बाहर निकाल कर घाट पर खोला तो उसमें नग्न हालत में नवजात शिशु का शव देख कर सन्न रह गये। जिसकी जानकारी बच्चों ने आसपास के लोगों को दी। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया।
पुलिस ने नवजात शिशु के शव के सम्बंध में आसपास के लोगों से जानकारी लेने का प्रयास किया। लेकिन कोई सफलता नहीं लगी। पुलिस ने नवजात शिशु के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। चूंकि नवजात शिशु के जन्म को छिपाने के लिए उसके शरीर को जानबूझकर गुप्त रीति से गंगनहर में बहाया गया है जोकि धारा 318 आईपीसी का अपराध है। पुलिस ने इस सम्बंध में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।
