लैपटाॅप, डाटा केबिल, हजारों की नगदी बरामद, दो फरार
एक ही रात में शटर उखाड़ कर दिया था चोरी की वारदात को अंजाम
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई थी वारदात, दो बाइकों पर थे चार नकाबपोश
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। बहादराबाद पुलिस और सीआईयू की संयुक्त टीम ने एक ही रात में सात दुकानों के शटर उखाड़ कर चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्रतार कर लिया, जबकि दो अभी भी फरार है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है। पुलिस ने दबोचे गये आरोपियों के पास से एक लैपटाॅप, 8 डाटा केबिल, 27 सौ रूपये, एटीएम, पेन, आधार और वोटर कार्ड बरामद किये है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करते मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
बहादराबाद एसओ नितेश शर्मा ने बताया कि 31 जनवरी की रात को अज्ञात चोरों ने क्षेत्र स्थित सात दुकानों के शटर उखाड़ कर चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गये थे। घटना स्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों में चोरी की पूरी वारदात कैद हो गई। सीसीटीवी फूटेज में दो बाइकों पर सवार चार नाकाबपोश चोर घटना स्थल पर पहुुंचने और वारदात को अंजाम देकर फरार होते दिखाई दिये। घटना के सम्बंध में दीपक चौहान पुत्र देशराज निवासी ग्राम रोहाल्की किशनपुर बहादराबाद हरिद्वार ने तहरीर देकर शिकायत दर्ज करायी थी।
पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की मदद से नाकाबपोश चोरों की शिनाख्त के प्रयास करते हुए तलाश शुरू कर दी थी। पुलिस ने चोरों को दबोचने के लिए सीआईयू समेत मुखबिरों की भी मदद ली गयी। पुलिस चोरों की तलाश में जुटी थी कि इसी दौरान मंगलवार को सूचना पर पुलिस ने दो संदिग्धों को कलियर रोड से सुमननगर जाने वाले मार्ग से दबोच लिया। जिनके पास से पुलिस ने एक लैपटाॅप, 8 डाटा केबिल, 27 सौ रूपये, एटीएम, पेन, आधार और वोटर कार्ड बरामद किये। पुलिस संदिग्धों को लेकर बहादराबाद थाने पहुंची।
पूछताछ के दौरान संदिग्धों ने अपना नाम राहुल पुत्र राजबीर निवासी ग्राम बराडिया, आमवाली थाना झिंझियाना जिला शामली यूपी हाल डेरा भगीरथ थाना झिंझियाना जिला शामली और हरिद्वारी पुत्र मक्खन निवासी डेरा भगीरथ थाना झिंझियाना जिला शामली यूपी बताते हुए बहादराबाद में सात दुकानों में चोरी की वारदात को अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों ने अपने दोनों फरार साथियों का नाम गोलू उर्फ निन्दर सरदार पुत्र चरण सिंह निवासी डेरा भगीरथ थाना झिंझियाना जिला शामली मूल पता ग्राम व थाना व्यास जिला अमृतसर पंजाब और सन्नी पुत्र पप्पू निवासी डेरा भगीरथ थाना झिंझियाना जनपद शामली यूपी बताये है।
आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने बहादराबाद, हरिद्वार, ज्वालापुर समेत यूपी के कई शहरों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज करते हुए मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुट गयी है।
