एसआईटी जांच में आया एई/जेई भर्ती पेपर लीक का मामला
कनखल थाने में कराया एसआईटी ने 09 पर मुकदमा
आरोपियों में दो अधिकारी व अधिकारी की पत्नी शामिल
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। उत्तराखण्ड लोक सेवा आयोग द्वारा एई/जेई भर्ती परीक्षा वर्ष 2021-22 में गड़बड़ी की मिल रही शिकायतों पर मुख्यमंत्री द्वारा एसआईटी से करायी गयी जांच में पेपर लीक मामला प्रकाश में आया है। एसआईटी ने जांच के बाद नौ लोगों के खिलाफ कनखल थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। जिनमें लोक सेवा आयोग के दो अधिकारी व एक अधिकारी की पत्नी भी शामिल है, जोकि पूर्व पटवारी भर्ती पेपर लीक प्रकरण में भी शामिल थे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि उत्तराखण्ड लोेक सेवा आयोग द्वारा आयोजित पटवारी भर्ती पेपर लीक प्रकरण के बाद अब एई/जेई भर्ती परीक्षा वर्ष 2021-22 में गड़बड़ी की शिकायत मिलने पर मुख्यमंत्री के आदेश पर एसआईटी हरिद्वार द्वारा पूरे मामले की पूरी जांच की गयी। एसआईटी ने जांच में एई/जेई भर्ती परीक्षा वर्ष 2021-22 के पेपर लीक घोटाला पाया गया। जिसके बाद एसआईटी हरिद्वार के द्वारा कनखल थाने में नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
जिनमें उत्तराखण्ड लोक सेवा आयोग के दो अधिकारी संजीव चतुर्वेदी पुत्र त्रिपुरारी निवासी लोक सेवा आयोग कनखल और संजीव कुमार अनुभाग अधिकारी उत्तराखण्ड लोक सेवा आयोग कनखल शामिल है। इस घोटाले में एसआईटी ने संजीव चतुर्वेदी की पत्नी रितु निवासी लोक सेवा आयोग परिसर कनखल हरिद्वार की भी सलिप्ता पाई है।
इसके अलावा आरोपियों में राजपाल पुत्र स्व. फूल सिंह निवासी ग्राम सुकरासा अम्बूवाला पथरी हरिद्वार, संजीव कुमार पुत्र स्व. मांगेराम निवासी जुर्स कंट्री ज्वालापुर हरिद्वार, नितिन चैहान पुत्र ब्रहा्रपाल निवासी ग्राम अन्नेकी सिडकुल हरिद्वार, संजय धारीवाल पुत्र सुरेन्द्र सिंह धारीवाल निवासी ग्राम मौहम्मदपुर जट मंगलौर हरिद्वार, सुनील सैनी पुत्र ज्ञान चंद सैनी निवासी पूर्वावाला लक्सर हरिद्वार और मनीष कुमार पुत्र राजवीर निवासी गोविन्दनगर पूर्वावली गंगनहर हरिद्वार शामिल है।
