मां ने लगाया था पुत्रवधू पर बेटे की हत्या का आरोप
गैर इरादतन हत्या को पुलिस ने किया हत्या में तरमीम
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। पति की हत्या के मामले में पुलिस ने लम्बी जांच के बाद आखिर पत्नी को गिरफतार कर लिया। पुलिस ने गैर इरादतन हत्या के मामले को हत्या में तरमीम किया गया हैं। पुलिस हत्यारोपी पत्नी को मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
कोतवाली ज्वालापुर एसएसआई संतोष सेमवाल ने बताया कि रूकसाना पत्नी स्व. नवाबुद्वीन निवासी बकरा मार्किट ज्वालापुर ने 06 मई 2022 को तहरीर देकर पुत्रवधू आरजू पर बेटे मेहताब हत्या का आरोप लगाया था। पीडिता ने तहरीर में कहा था कि उसके बेटे मेहताब का निकाह 25 नवम्बर 21 को आरजू पुत्री इस्लाम निवासी मौहल्ला शक्ति रूड़की के साथ हुआ था। निकाह के बाद दोनों के बीच समान्य तौर पर कहा सुनी हुआ करती थी। 29 अप्रैल 22 की रात करीब साढे ग्यारह बजे मेहताब और आरजू सोने के लिए अपने कमरे मेे चले गये।
तड़के करीब 3 बजे उसने अपने बेटे मेहताब को सेहरी खाने के लिए आवाज लगाई। लेकिन कमरे का दरवाजा खोले बिना ही आरजू ने भीतर से जबाब दिया कि मेहताब की तबीयत खराब हैं वह सो रहा है। जिसको सुनकर वह भी अपने कमरे में चली गयी, सुबह करीब 9 बजे जब उसने दोबारा मेहताब को आवाज लगाई तब भी कमरे का दरवाजा खोले बिना आरजू ने भीतर से जबाब दिया कि वह सो रहा है। उसको शक होने पर उसने शोर मचा दिया। आसपास के लोग जमा हो गये और उन्होंने जबरन कमरे का दरवाजा खुलवाया तो मेहताब रजाई के नीचे जमीन पर नग्न अवस्था में पड़ा था।
जिसको आसपास के लोग निजी हाॅस्पिटल ले जाया गया। जहां मेहताब को चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपूर्द कर दिया। मेहताब की पोस्टमार्टम की रिपोर्ट में उसकी मौत का कारण नहीं पता चल सका। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मृतक की पत्नी आरजू पर गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस की जांच में मेहताब की मौत उसकी पत्नी आरजू द्वारा हत्या किया जाना प्रकाश में आया। पुलिस ने हत्यारोपी पत्नी आरजू को गिरफतार कर लिया और गैर इरादतन हत्या को हत्या में तरमीम करते हुए अन्य धाराओं में बढोत्तरी करते हुए मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
