दोनों ओर से चले लाठी-डण्डे, मची अफरा-तफरी, तीन घायल
दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाते हुए दी तहरीर
कोतवाली रानीपुर पुलिस ने किया दोनों पर क्रास मुकदमा
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। विष्णुलोक कॉलोनी में गणेश पूजा कार्यक्रम के दौरान गलत टिप्पणी करने पर हुए विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गयी। घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गयी। बताया जा रहा हैं कि दोनों पक्षों की ओर से जमकर लाठी-डण्डे व सरिये का इस्तेमाल किया गया। एक पक्ष की ओर से तीन भाई घायल हो गये। जिनमें दो किशोर बताये जा रहे है।
घटना में बड़े भाई की हालत को देखते हुए उसको जिला अस्पताल से हॉयर सेंटर एम्स रेफर करने की बात कही जा रही है। घटना के सम्बंध में दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ आरोप लगाते हुए तहरीर दी गयी है। पुलिस ने दोनो पक्षों की तहरीर पर क्रास मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना गुरूवार की रात की बतायी जा रही है।
कोतवाली रानीपुर प्रभारी निरीक्षक रमेश तनवार ने बताया कि एक महिला रशीदा पत्नी अय्यूब निवासी विष्णुलोक कॉलोनी रानीपुर हरिद्वार ने तहरीर देते हुए आरोप लगाया हैं कि 01 सितम्बर की रात को उसके घर के बाहर कॉलोनी के ही लड़के सागर, राजन, नितीश, गोगनी, मन्नू, शाहिल, अमन, सूरज, बाबू और लालू लाठी-डण्डे व सरिये से लैस होकर एक युवक रूपन को पीट रहे थे। जिसको देखकर उसके बेटे फईम ने घर से बाहर निकल कर बीचबचाव करने का प्रयास किया।
आरोप हैं कि आरोपी रूपन को छोड़ कर उसके बेटे फईम और उसके छोटे भाई के साथ मारपीट करने लगे। जिनके शोर मचाने पर परिजनों ने बाहर निकल कर दोनों बच्चों को बचाने का प्रयास किया। लेकिन हमलावरों ने उनपर भी लाठी-डण्डे व सरिये हमला कर दिया। जिससे वह अपनी जान बचाने के लिए घर की ओर दौड़े।
आरोप हैं कि हमलावर उनके पीछे दौड़ते घर में घुस गये और हमला कर दिया। घटना में उसके बड़े बेटे फईम के सिर पर लाठी से वार किया गया, जोकि वहीं पर गिरकर बेहोश हो गया। जबकि दो छोटे बेटों पर भी हमला कर घायल कर दिया। घटना की सूचना कंट्रॉल रूम को दी। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने फईम की हालत देखते हुए उसको हॉयर सेंटर एम्स रेफर कर दिया। जबकि दोनों छोटे बेटों को उपचार के बाद घर भेज दिया।
वहीं दूसरे पक्ष सागर पुत्र महेन्द्र सिंह निवासी विष्णु लोक कॉलोनी ने तहरीर देते हुए शिकायत की हैं। शिकायत में कहा गया हैं कि 01 सितम्बर की रात को कॉलोनी में गणेश पूजा कार्यक्रम के दौरान कुछ लड़कों ने वहां पर गलत टिप्पणी करते हुए बतमीजी कर रहे थे। जिनको उसके चचेरे भाई व उसके द्वारा उनको समझाने का प्रयास किया।
आरोप हैं कि उन लड़कों फरीम, छोटू पुत्रगण अय्यूब, आरिफ, आसिपफ, जुनैद व अन्य अज्ञात द्वारा उसके साथ लाठी-डण्डे व पंच से हमला बोल दिया। जहां पर मौजूद मौजिजों ने उन लड़को से उसको बचाया। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर एक-दूसरे के खिलाफ क्रास मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
