स्वतंत्रता सेनानी परिवारों के हितों की रक्षा के लिए इंदौर में होगा राष्ट्रीय सम्मेलन
अशोक वर्मा
हरिद्वार। स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार समिति राष्ट्रीय महासचिव जितेन्द्र रघुवंशी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवारों की पीड़ा को व्यक्त करते हुए कहा कि 12 मार्च 2021 से आरंभ आजादी का अमृत महोत्सव 15 अगस्त 2022 को समाप्त हो जाएगा। इसमें केंद्र तथा राज्य सरकारों ने प्रदर्शनपरक औपचारिकताएं तो निभाईं, पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों तथा उनके परिवारों की पीड़ा का एहसास ना करके जिस तरह से नजरअंदाज किया है। इस उपेक्षा और अपमान से देश भर के स्वतंत्राता सेनानी संगठन आक्रोशित हैं।
राष्ट्रीय महासचिव जितेन्द्र रघुवंशी शनिवार को प्रेस क्लब हरिद्वार में पत्रकारों से रूबरू हो रहे थे। उन्होंने आगे बताया कि इससे आहत देश के सेनानी परिवारों के हितों की रक्षा करने के लिए संघर्षरत 28 संगठनों ने स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी परिवार समिति के तत्वावधान में 6-7 मई 2022 को इंदौर में स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी संयुक्त संगठन भोपाल द्वारा एक विराट स्वतंत्रता सेनानी परिवार राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है, इसमें देश के विभिन्न भागों से लगभग 100 स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, वीरांगनाएं, शहीदों के वंशज तथा लगभग 1000 स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी शामिल होगें।
उन्होंने बताया कि आजादी के संघर्ष में सबसे अधिक त्रासदी झेलने वाले सेनानी परिवारों की पीड़ा को व्यक्त करते हुए कई बार भारत सरकार को दिल्ली में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्मारक की स्थापना, संवैधानिक संस्थाओं में सेनानी परिवारों का मनोनयन, सेनानी उत्तराधिकारी परिवार आयोग का गठन, राष्ट्रीय परिवार का दर्जा दिया जाना, आर्थिक सहायता का प्रावधन, पाठयक्रम में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की जीवनी को शामिल किया जाना तथा लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने जैसे सुझाव दिए गए थे। लेकिन अब तक सरकार द्वारा किसी भी बिन्दु पर सार्थक कदम नहीं उठाया गया है।
उन्होंने बताया कि इंदौर राष्ट्रीय सम्मेलन में सभी संगठनों के प्रतिनिधियों की समन्वय समिति बनाकर राष्ट्रव्यापी आंदोलन चलाने की घोषणा करेंगे। प्रेस वार्ता के दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी भारत भूषण विद्यालंकार, धर्मवीर धीगरा, कैलाश वैष्णव, राजन कौशिक आदि मौजूद रहे।
