पीड़ित वृद्ध ने की उप जिलाधिकारी से शिकायत
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। गोवर्धनपुर के ब्राह्मणवाला परगना स्थित टाण्डा जलालपुर निवासी एक वृद्ध ग्रामीण द्वारा गाँव के ही कुछ राजनैतिक किस्म के दबंगों पर उसकी काबिज झुग्गी झोपड़ी हटाने का आरोप लगाया है। जिसकी शिकायत ग्रामीण द्वारा लक्सर के उप जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा से की गई है। क्षेत्रा के गोवर्धनपुर ब्राह्मण वाला परगना के तहत टांडा जमालपुर गाँव निवासी मांगे राम पुत्र मंगल सिंह नामक वृद्ध ग्रामीण ने लक्सर तहसील पहुंचकर उप जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा को पत्र देकर शिकायत की कि वह लगभग पिछले बीस-पच्चीस वर्षों से पट्टों की आवासीय भूमि के खसरा संख्या सोलह पर एक झुग्गी झोपड़ी डालकर काबिज चला आ रहा है। बताया कि उसके पास इसके अलावा कोई अन्य आवास या फिर कोई कृषि भूमि भी नहीं है, लेकिन गाँव के ही कुछ राजनैतिक किस्म के लोग उसके उस एक मात्र आशियाने को वहाँ से हटाने का प्रयास कर रहे हैं। जबकि उक्त आरोपियों का उसकी जमीन से कोई संबंध् भी नहीं है। शिकायती पत्र में उसने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत प्रार्थी को एक मकान हेतु आवंटन की स्वीकृति भी प्राप्त हो चुकी है मगर गांव के ही कुछ दबंग किस्म के राजनैतिक तत्व उसकी भूमि पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं।वहीं शिकायतकर्ता के प्रार्थना पत्र पर उप जिला अधिकारी कौस्तुभ मिश्रा द्वारा संबंधित लेखपाल को जांच कर आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दे दिए।
