
घण्टों जाम से स्थानीय नागरिक व व्यापारी परेशान
भूपेन्द्र सिंह
हरिद्वार। इन दिनों अवधूत मण्डल मार्किट अतिक्रमण की चपेट में हैं, जहां पर आये दिन भारी जाम से स्थानीय लोगों सहित व्यापारियों को दो चार होना पड़ रहा है। अतिक्रमण की जानकारी होने के बावजूद भी पुलिस प्रशासन कोई कार्यवाही नहीं कर रहा है। जिसको लेकर लोगों में पुलिस की कार्यशैली को लेकर भारी रोष व्याप्त है। बताते चले कि वैसे तो पुलिस प्रशासन अतिक्रमण को लेकर समय-समय पर अपना अभियान चलाकर कार्यवाही की जाती रही है। मगर इस कार्यवाही के कुछ ही दिन बाद दोबारा फिर से व्यापारियों द्वारा अतिक्रमण कर लिया जाता है। ऐसा नहीं कि दोबारा होने वाले अतिक्रमण की जानकारी पुलिस को नहीं होती, मगर वह मूक दर्शक बना रहता है। ऐसा ही कुछ इन दिनों अवधूत मण्डल मार्किट में देखा जा रहा है। इस बाजार में व्यापारियों द्वारा अपनी दुकानों के बाहर जमकर अतिक्रमण कर वहां की व्यवस्था को ध्वस्त कर दिया है। जहां पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गयी है। जिसकारण स्थानीय नागरिकों सहित व्यापारियों को भी जाम का समाना करना पड़ रहा है और घण्टों इस की चपेट में रहने के लिए मजबूर है। बताया जा रहा हैं कि कई व्यापारियों ने पुलिस को यहां के हालत के बारे में कई बार अवगत कराने के बाद भी पुलिस किसी एक्शन के मूड में नहीं है। जिसको लेकर स्थानीय नागारियों सहित व्यापारियों में पुलिस की कार्यशैली को लेकर भारी रोष व्याप्त है।
