हरिद्वार विधायक मदन ने क्षेत्र में कोई विकास कार्य नहीं किया
कांग्रेस व भाजपा ने प्रदेश के संसाधनों का जमकर किया दोहन
अशोक वर्मा
हरिद्वार। दिल्ली के आप प्रदेश अध्यक्ष श्रीनिवास गोयल ने कहा कि उत्तराखण्ड में आप की सरकार बनते ही दिल्ली की तर्ज पर विकास मॉडल लागू किया जाएगा। आप प्रदेश की 70 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। इस बार जनता विकास के नाम पर वोट देने जा रही है। पिछले 20 वर्षों में हरिद्वार क्षेत्र के विधायक और वर्तमान में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन कौशिक ने कोई भी विकास कार्य नही किये। उनके क्षेत्र में विधायक होते हुए कोई विशेष उपलब्धि नही है।
श्री गोयल शनिवार को हरकी पौडी पर गंगा पूजन के बाद रानीपुर स्थित पार्टी कार्यालय में पत्रकारों से रूबरू हो रहे थे। उन्होंने कहा कि कुंभ के दौरान कोरोना टेस्टिंग का बडे स्तर पर घोटाला हुआ। वहीं प्रदेश की डबल इंजन की सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी कोई कार्य नही किये गये। भगत सिंह चौक पर बरसात का पानी की निकासी का कोई ठोस नतीजा दोनों बडी पार्टियां नहीं निकाल पायी। जिससे स्थानीय व्यापाारियों समेत कॉलोनीवासियों को भारी परेशानी के साथ—साथ आर्थिक नुकसान उठाना पडा है। धर्मनगरी में अवैध नशे का कारोबार फल फूल रहा है। कोरोना काल के दौरान शहर का व्यापार पूरी तरह चौपट हो चुका है।
उन्होंने कहा कि हरिद्वार में सिडकुल स्थापित होने के बाद भी शहर का युवा बेरोजगार है। जनता इस बार बदलाव चाहती है। भाजपा और कांग्रेस में घमासान मचा हुआ है। दोनों ही पार्टियों ने प्रदेश के संसाधनों के दोहन का कार्य किया है। प्रदेश का विकास भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ चुका है। ऊर्जा प्रदेश में ही बिजली सबसे महंगी है, यहां के संसाधनों का लाभ यहाँ की जनता को नही मिल पा रहा। आप का प्रदेश में आधार मजबूत हुआ है। जनता आप के अरविंद केजरीवाल की योजनाओं और नीतियों पर भरोसा कर रही है।
प्रेसवार्ता में आप प्रत्याशी संजय सैनी, प्रदेश प्रवक्ता हेमा भंडारी, जिला मीडिया सह प्रभारी अनिल सती, संगठन मंत्री तनुज शर्मा, सोशल मीडिया प्रभारी पुलकित गोयल एवं अर्जुन सिंह मौजूद रहे।

