♦सिडकुल क्षेत्र में तमंचे की नोक पर बाइक सवार से की थी बाइक व मोबाइल की लूट
♦देहरादून पुलिस से बचने के लिए भाग कर आये थे हरिद्वार, लूट मामले में धरे गये
♦स्विफ्ट कार, आधार कार्ड, पर्स और नगदी बरामद, फरार दो अन्य साथियों की तलाश जारी
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। बाइक सवार से तमंचे की नोक पर बाइक, पर्स और मोबाइल लूट को अंजाम देने वाले दो लूटेरों को सिडकुल पुलिस ने क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। जिनके पास से पुलिस ने स्विफ्ट कार, आधार कार्ड, पर्स और नगदी बरामद की है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने लूट की वारदात से एक दिन पूर्व देहरादून मे एक महिला का अपहरण का भी प्रयास किया गया था। देहरादून पुलिस द्वारा उनकी तलाश करने वह पुलिस से बचने के लिए हरिद्वार पहुंचे थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। जबकि लूट की वारदात में शामिल फरार चल रहे उनके दो अन्य साथियों की पुलिस सरगर्मी से तलाश में जुटी है।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि पंकज कुमार निवासी अन्नेकी हेतमपुर रोशनाबाद ने 24 सितम्बर को थाना सिडकुल में तहरीर देकर शिकायत की थी। शिकायत में कहा गया था कि रानी रो नदी के पास दोपहर के समय चार अज्ञात लोगों ने तमंचे के बल पर उससे पल्सर मोटरसाइकिल व मोबाइल फोन लूट लिया। मामला उनके संज्ञान में आने के बाद उन्होंने पुलिस को तत्काल लूट का खुलासा करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गये थे। पुलिस टीम घटना के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालते हुए लूटेरों की शिनाख्त के प्रयास करते हुए तलाश शुरू कर दी।
उन्होंने बताया कि इसी दौरान सिडकुल पुलिस ने गश्त के दौरान नवोदय स्कूल के सामने वाली पीठ मैदान के पास से दो संदिग्धों को दबोच लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना नाम दीपक पुत्र दिलीप कुमार निवासी ग्राम खागा थाना खागा जिला फतेहपुर सिकरी उत्तर प्रदेश हाल निवासी विष्णु लोक कॉलोनी रानीपुर जनपद हरिद्वार और आकाश उर्फ पहाड़ी पुत्र अनिल निवासी ग्राम नगर थाना पौड़ी जनपद पौड़ी गढ़वाल हाल निवासी मकान नंबर 1028 विष्णु लोक कॉलोनी थाना रानीपुर जनपद हरिद्वार बताते हुए उन्हांेने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर लूट की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।
कप्तान ने बताया कि आरोपी दीपक ने खुलासा किया कि 23 सितम्बर को थाना रायपुर देहरादून में एक महिला का अपहरण का प्रयास किया था। इस घटना के मामले में देहरादून पुलिस उनकी तलाश कर रही थी, जिसकारण वह पुलिस से बचने के लिए वह छुपते छुपाते अपने एक साथी की कार से हरिद्वार पहुंचे। जिन्होंने अपने दो अन्य साथियों के साथ 24 सितम्बर को पेंटागन मॉल के पीछे नदी के पास में शराब पी, उनके पास पैसों की कमी के चलते उन्होंने नदी के किनारे कार खड़ी करके कच्चे रास्ते से गुजर रहे बाइक सवार से लूट की घटना को अंजाम दिया।
उन्होंने बताया कि उसके दो साथी बाइक और मोबाइल फोन बेचने के लिए निकले है, जोकि अभी तक लौट कर नहीं आये, हम उनका इंतजार कर ही रहे थे कि तभी पकडे गये। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज करते हुए मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। पुलिस अब फरार चल रहे उनके दो अन्य साथियों की सरगर्मी से तलाश में जुटी है।
