दिल्ली से मूर्ति विसर्जन करने आया था 40 लोगों का दल
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। दिल्ली से गंगा में मूर्ति विसर्जन करने हरिद्वार पहुंचे श्रद्धालुओं के दल में शामिल तीन किशोर गंगा में स्नान करने के दौरान डूब गए। स्थानीय गोताखोरों की मदद से एक युवक को डूबने से बचा लिया। जबकि दो किशोरों का पता नहीं चल पाया। सूचना पर पुलिस और गोताखोर टीम ने मौके पर पहुंच कर घंटों मशकत के बाद डूबे दोनों किशोरों के शवों को बरामद कर लिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार को दिल्ली से करीब 40 लोगों का श्रद्धालुओं का दल गंगा में मूर्ति विसर्जन करने के लिए हरिद्वार पहुंचा था। जलस्तर कम होने की वजह से दल में शामिल लोगों ने बड़ी शिव मूर्ति के पीछे गंगा में मूर्ति विसर्जन करने के बाद गंगा स्नान कर रहे थे। स्नान के दौरान दल में शामिल तीन किशोर गंगा में बने गढ्ढे में डूब गये। जिनको स्थानीय गोताखोर की मदद से एक किशोर का बचा लिया गया। जिसकी पहचान करण पुत्र ईश्वर उम्र 18 वर्ष निवासी मौदा हमीरपुर हाल निवासी ज्वालापुरी पीवीसी मार्केट दिल्ली के रूप में हुई। लेकिन दो किशोरों को कोई सुराग नहीं लगा। सूचना पर पुलिस और गोताखोर टीम ने मौके पर पहुंचकर डूबे दोनों किशोरों की तलाश शुरू की।
बताया जा रहा हैं कि गोताखोर टीम ने करीब ढाई घंटे की मशकत के बाद दोनों किशोरों के शव बरामद कर लिये। जिनकी पहचान अरविंद पुत्र रामजी उम्र 17 वर्ष और अभिषेक पुत्र संतोष उम्र 17 वर्ष निवासीगण चित्रकूट धाम करबी चित्रकूट उत्तर प्रदेश हाल निवासी ज्वालापुरी पीवीसी मार्केट दिल्ली के रूप में हुई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। घटना के सम्बंध में मृतकों के परिजनों को सूचित किया गया है। जोकि हरिद्वार के लिए रवाना हो गये है। जिनके हरिद्वार पहुंचने पर पोस्टमार्टम प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
कोतवाली नगर प्रभारी निरीक्षक राकेन्द्र सिंह कठैत ने बताया कि स्नान के दौरान तीन किशोर डूब गये। जिनमें एक किशोर को सकुशल बचा लिया गया। जबकि दो किशोरों की मौत हो गयी। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाते हुए परिजनों के हरिद्वार पहुंचने की प्रतिक्षा की जा रही है। जिनके पहुंचने पर शवों को पोस्टमार्टम के बाद उनके सुपूर्द किया जाएगा।
