315 बोर के दो तमंचे व 04 जिंदा कारतूस बरामद
मंदिर में नल की फिटिंग करने के बहाने घुसें थे बदमाश
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। पुजारी को तमंचे की नोक पर बंधक बनाकर मारपीट कर मंदिर से हजारों की नगदी व समान लूटने वाले तीन बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्रतार किया है। जिनके पास से पुलिस ने लूटी गयी 64 हजार की नगदी, 315 बोर के दो तमंचे, चार जिंदा कारतूस बरामद किये है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों को पुलिस ने मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
पथरी एसओ पवन डिमरी ने बताया कि ग्राम कटारपुर पथरी हरिद्वार निवासी शिवमंदिर के पुजारी ओमपुरी ने 14 नवम्बर को तहरीर देकर शिकायत की थी कि तीन अज्ञात बदमाश मंदिर में नल की फिटिंग के बहाने घुसकर उसको तमंचे की नोक पर बंधक बनाकर मारपीट कर 64,010 रूपये और मंदिर का समान लूटकर ले गये। पुलिस ने तहरीर के आधर पर मुकदमा दर्ज करते हुए बदमाशों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बीती शाम भट्टा तिराहे से बाइक सवार तीन संदिग्धों को दबोच लिया। जिनके पास से पुलिस ने 315 बोर के दो तमंचे, 04 जिंदा कारतूस बरामद किये। पुलिस आरोपियों को पकड़कर थाने लेकर पहुंची।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना नाम दिनेश पुत्र राम स्वरुप निवासी फेरुपुर पथरी हरिद्वार, आकाश पुत्र तेलूराम और संजीव उर्फ संजू पुत्र मांगेराम निवासीगण ग्राम विशनपुर थाना पथरी हरिद्वार बताते हुए खुलासा किया कि उन्होंने ही शिवमंदिर में नल फिटिंग करने के बहाने घुसकर पुजारी को तमंचे की नोक पर बंधक बनाकर मारपीट करते हुए 64,010 की नगदी व अन्य समान लूटे थे। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही से 64,010 हजार की नगदी व वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद की है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज करते हुए मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
