♦10 हजार, आधार कार्ड, पैन कार्ड, एक लोहे का फर्सा, लोहे का एंगल बरामद
♦दबोचे गये आरोपियों में एक पूर्व में आर्म्स एक्ट में जेल जा चुका
♦आरोपियों ने एक ओर घटना को कबूला, अपराधिक इतिहास को खंगाला जा रहा
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। कोतवाली रानीपुर पुलिस ने 12 सितम्बर को क्षेत्र में हुई लूट का खुलासा करते हुए ई-रिक्शा चालक समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिनके पास से पुलिस ने लूट का माल बरामद किया है। लूटेरों में एक आरोपी पूर्व में आर्म्स एक्ट में जेल जा चुका है। जबकि अन्य आरोपियों का अपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। इस लूट का खुलासा एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने अपने कार्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान किया।
उन्होंने बताया कि 12 सितम्बर की रात को ई-रिक्शा चालक समेत तीन लोगों ने सिडकुल स्थित राजा बिस्कुट चौक से हरिद्वार जाने के लिए पवन कुमार निवासी महादेवपुरम सिडकुल ई-रिक्शा मंे सवार हुए, लेकिन ई-रिक्शा चालक समेत सवार तीनांे ने पवन कुमार को सेक्टर-4 चौक से आगे केवी स्कूल को जाने वाले सुनसान रास्ते पर ले जाकर उनके पेट में नुकीली वस्तु लगाकर डरा धमकाकर 10 हजार नगदी, बैग, कपडे एवं जूते लूट लिये। जिसकी शिकायत पीडित द्वारा कोतवाली में दर्ज करायी गयी थी। एसएसपी के निर्देश पर लूट के जल्द खुलासे के लिए एक पुलिस टीम गठित की गई थी।
एसपी सिटी ने बताया कि पुलिस टीम ने सीसीटीवी कैमरों समेत अपने स्तर से लूटेरों की जानकारी जुटाते हुए 13 सितम्बर की रात चैकिंग के दौरान लीडो क्लब को जाने वाले कच्चे मार्ग में एकांत स्थान पर खडी ई-रिक्शा में सवार तीन संदिग्धों को दबोच लिया। पूछताछ के दौरान संदिग्धों ने पवन कुमार से लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस टीम ने आरोपियों से 10 हजार की नगदी, युवक के आधार कार्ड, पैन कार्ड, एक लोहे का फर्सा, एक लोहे का एंगल व चमडे के जुते बरामद किये।
उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना नाम श्रवण कुमार पुत्र मूल चंद निवासी ग्राम कनपारा तहसील पुवाया थाना पुवाया जिला शहजाहपुर उ0प्र0, हाल किरायेदार पप्पू चौहान सम्राट हॉल, सिडकुल बाईपास थाना सिडकुल जनपद हरिद्वार, विजय पुत्र रामजी निवासी मौहल्ला हाथीयाना, बिलसंडा, बिशनपुर, थाना बिलसंडा बरेली उ0प्र0, हाल निवासी किरायेदार मोहित पाल रावली महदूद थाना सिडकुल जनपद हरिद्वार और आयुष उर्फ अनिकेत पुत्र राजेश निवासी ग्राम नयागाँव थाना शेरकोट धामपुर उ0प्र0, हाल निवासी किरायेदार मोनू पाल का मकान पता रावली महदूद थाना सिडकुल जनपद हरिद्वार बताया है।
एसपी सिटी ने बताया कि सख्ती से पूछताछ करने पर तीनों आरोपियों ने खुलासा किया कि वह अक्सर रात के अंधेरे में अकेली सवारी को एकांत स्थान पर ले जाकर उससे लूटपाट करते हैं। उन्होंने ही राजा बिस्कुट के पास से अपने ई-रिक्शा में बैठाये गए लड़के से शिव मंदिर के पास डरा धमकाकर बैग, उसमें रखे आधार कार्ड आदि दस्तावेज, जूते, जीन्स व नगदी लूटी थी। लूटी हुई जीन्स के बारे में पूछने पर एक आरोपी आयुष उर्फ अनिकेत ने बताया कि वही जीन्स उसने पहनी हुई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज करते हुए उनको मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
