प्रशासन ने बिना किसी विरोध के हटाया रेलवे की भूमि से अतिक्रमण
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी के नेतृत्व में टीबड़ी रेलवे अंडर ब्रिज (आंबेडकर चौक) के पास रेलवे की भूमि पर अवैध रूप से बनाई गयी करीब चालीस-पैत्तालिस झुग्गी झोपड़ियों को रेलवे प्रशासन, पुलिस एवं जिला प्रशासन की सयुक्त टीम द्वारा हटाया गया। प्रशासन की टीम को अतिक्रमण हटाने के दौरान किसी प्रकार का कोई विरोध नहीं झेलना पडा।
नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी ने बताया कि रेलवे प्रशासन द्वारा उनकी भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग का सहयोग मांगा गया था। जिसके लिए जिलाधिकारी के निर्देशन में पुलिस, जिला प्रशासन एवं रेलवे के संयुक्त तत्वाधान में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ यह कार्यवाही की गई। इस कार्यवाही के दौरान चालीस-पैत्तालिस अवैध रूप से बनाई गई झुग्गी झोपड़ियों को हटाया गया।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में संचालित हो रही चार धाम यात्रा, आगामी कांवड़ मेले एवं कुंभ मेले को सुगम एवं सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए सरकारी भूमि, सड़क किनारे, फुटपाथ एवं सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने की कार्यवाही की जा रही है।
अतिक्रमण के खिलाफ अभियान में सीओ सदर एसपी बलूनी, रेलवे अंसिस्टेट डिवीजन इंजीनियर अनूप कुमार, रेलवे सेक्शन इंजीनियर पंकज शर्मा, दीपक शर्मा, नायब तहसीलदार अनिल गुप्ता, पटवारी रविकांत, थाना कनखल प्रभारी निरीक्षक देवेन्द्र रावत, कोतवाली रानीपुर एसएसआई नंदकिशोर ग्वाडी, कोतवाली नगर एसएसआई सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।



