♦मृतक का मोबाइल समेत दो मोबाइल, हत्या में इस्तेमाल हथौडा, बाइक आदि सामान बरामद
♦हत्यारोपी पंकज मृतक की शादीशुदा बेटी का पति से तलाक दिलाकर करना चाहता था विवाह
♦राजवीर कर रहा था तलाक कराने का विरोध, पंकज ने दोस्त से मिलकर कर डाला कत्ल
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। कोतवाली बहादराबाद क्षेत्र के हाईवे से सटे खेत में मिले राजवीर के शव की गुत्थी को सुलझाते हुए पुलिस ने मृतक की हत्या का खुलासा करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। जिनके पास से पुलिस ने मृतक के मोबाइल समेत दो मोबाइल, हत्या में इस्तेमाल हथौडा, बाइक आदि सामान बरामद किया है। इस हत्या का खुलासा एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने आज एसएसपी कार्यालय सभागार में पत्रकार वार्ता के दौरान किया।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने एक अज्ञात व्यक्ति का शव बौगला हाईवे से सटे खेत से 27 अप्रैल की तड़के सूचना पर बरामद किया था। शव के सिर पर गहरे घाव के निशान थे, जिससे प्रथम दृष्ट्या प्रतीत हो रहा था कि व्यक्ति की सिर पर वार कर हत्या की गई है। मृतक की पहचान राजवीर निवासी ग्राम रानानगंला थाना स्योहारा जिला बिजनौर यूपी के तौर पर हुई थी, जोकि सिडकुल स्थित फैक्ट्री में काम करता था। पुलिस ने घटना के सम्बंध में मृतक के परिजनों को सूचित करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।
उन्होंने बताया कि राजवीर की हत्या के सम्बंध में उसके बेटे प्रिंयाशु की ओर से अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। राजवीर की हत्या के खुलासे के लिए बहादराबाद पुलिस समेत सीआईयू को लगाया गया था। पुलिस टीम ने घटना के आसपास इलाकों समेत शराब के ठेके के सीसीटीवी कैमरों को खंगालते हुए मृतक के साथ मौजूद रहे लोगों की शिनाख्त के प्रयास करते हुए तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान पुलिस टीम के हाथ लगे एक संदिग्ध मोबाइल नम्बर की पडताल शुरू करते हुए उस नम्बर के आधार पर कलियर रोड के पास लक्की हॉस्पिटल के पास बाइक पर बैठे एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
कप्तान ने बताया कि पूछताछ के दौरान संदिग्ध ने अपना नाम पंकज कुमार पुत्र चमन सिंह निवासी शर्मा वाली बिल्डिग रोशनाबाद हरिद्वार बताते हुए खुलासा किया कि मृतक राजवीर की शादीशुदा बेटी से उसका प्रेम प्रसंग था। वह शादीशुदा के पति से तलाक दिलाकर खुद शादी करना चाहता था। लेकिन उसकी प्रेमिका अपने पिता राजवीर से डर रही थी। जोकि बेटी के तलाक दिलाने का विरोध कर रहा था। जिसपर उसने अपने दोस्त छोटे लाल पुत्र गंगा सागर निवासी हाल रोशनाबाद निवासी सीतापुर बालाजी पुरम कालोनी थाना कोतवाली ज्वालापुर जिला हरिद्वार के साथ मिलकर ठिकाने लगाने की योजना बना डाली।
एसएसपी ने बताया कि हम दोनों पहले से ही राजवीर से परिचित थे। लेकिन राजवीर और वह अलग-अलग कम्पनियों में काम करते थे। योजना के तहत हम दोनों राजवीर को शराब पिलाने के बहाने बाइक पर बैठाकर 26 अप्रैल की शाम को बौंगला अण्डरपास के पापुलर के खेत में ले गये। जहां पर शराब पीने के दौरान उसने अपने दोस्त छोटेलाल के साथ मिलकर राजवीर के सिर में हथौड़ा मारकर हत्या कर फरार हो गये। पुलिस ने हत्यारोपी पंकज की निशानदेही से दूसरे हत्यारोपी छोटे लाल को नहर पटरी मार्ग से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्यारोपियों के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज करते हुए मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
