नगर निगम आयुक्त पूर्व में कर चुके कॉलेज से निलंबित
भल्ला कॉलेज प्रधानाचार्य ने कराया था कोतवाली नगर में मुकदमा
पुलिस ने आरोपी प्रवक्ता को बहन के घर सहारनपुर से दबोचा
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। कोतवाली नगर पुलिस ने छात्राओं का मानसिक व शरीरिक उत्पीड़न करने तथा अश्लील मैसेज भेजने वाले भल्ला कॉलेज के निलंबित प्रवक्ता को सहारनपुर से गिरफ्रतार कर लिया। पुलिस आरोपी को बीती देर शाम हरिद्वार लेकर पहुंची। पुलिस ने आरोपी प्रवक्ता को दर्ज मुकदमें में निरूद्ध करते हुए मेडिकल के बाद शनिवार को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
कोतवाली नगर प्रभारी निरीक्षक राकेन्द्र सिंह कठैत ने बताया कि पीबी म्यु0 इंटर भल्ला कॉलेज मायापुर हरिद्वार के प्रधानाचार्य ने 17 नवम्बर को कोतवाली नगर हरिद्वार में तहरीर देकर कॉलेज के निलंबित प्रवक्ता सुनील कुमार के खिलाफ छात्राओं का मानसिक व शारीरिक उत्पीड़न करने तथा अश्लील मैसेज भेजने का आरोप लगाते हुए शिकायत की थी। मामले की शिकायत पर नगर निगम आयुक्त द्वारा आरोपी प्रवक्ता को जांच में प्रकरण की पुष्टि होने पर निलंबित कर दिया था। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी प्रवक्ता के खिलाफ सम्बन्धित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया था।
छात्राओं से जुड़े प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार अजय सिंह द्वारा तत्काल एक टीम गठित कर ठोस विवेचना के आधार पर आरोपी की गिरफ्रतारी के निर्देश दिये गये थे। मामले के विवेचक एसएसआई अनिल चौहान द्वारा भल्ला कॉलेज के प्रधानाचार्य व अन्य अध्यापकों के बयान दर्ज किये गये और पाया कि आरोपी प्रवक्ता द्वारा छात्राओं को व्हाट्सएप के माध्यम से अश्लील मैसेज भेजते हुए उनका शारीरिक व मानसिक उत्पीड़न किया गया।
उन्होंने बताया कि घटना के बाद से पीड़ित छात्राएं इतने भारी मानसिक अवसाद से ग्रसित हैं कि बयान देने तक की स्थिति में नहीं थी। घटना के संबंध में विभिन्न माध्यमों से आरोपी प्रवक्ता से संपर्क करने का प्रयास किया गया। लेकिन आरोपी सुनील कुमार जांच में सहयोग न करने तथा लगातार छुपने का प्रयास कर रहा था। जिसपर विवेचक एसएसआई अनिल चौहान के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने सूचना पर बीते दिन आरोपी प्रवक्ता सुनील कुमार को उसकी बहन के घर सहारनपुर से गिरफ्रतार कर लिया। पुलिस आरोपी को लेकर देर शाम हरिद्वार पहुंची। पुलिस ने आरोपी को दर्ज मुकदमें में निरूद्ध करते हुए आज मेडिकल के बाद न्यायालय मंे पेश कर जेल भेज दिया।
’
