पुलिस ने दो शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौपा
इंजीनियर कंपनी में काम के दौरान सिर पर चोट लगने से हुआ था घायल
कंपनी के इंजीनियर की उपचार के दौरान हुई मौत, पोस्टमार्टम कल
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। सिडकुल थाना क्षेत्र में रहने वाले कंपनी इंजीनियर समेत तीन लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही तीनों की मौत से पर्दा उठ सकेगा। पुलिस ने दो शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपूर्द कर दिया। जबकि कंपनी के इंजीनियर के शव के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया कल यानि शुक्रवार को शुरू की जाएगी। इंजीनियर के सिर पर लगी चोट मामले में परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर कंपनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जाएगी।
सिडकुल थाना प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार उनियाल ने बताया कि क्षेत्र में रहने वाले जसविंदर पुत्र तारा सिंह उम्र 24 वर्ष निवासी मंडी इंद्र वाणी राजौरी जम्मू कश्मीर हाल निवासी इंद्रलोक कॉलोनी सिडकुल ने जहरीला पदार्थ खा लिया। जिसे उपचार के लिए सिटी अस्पताल ले जाया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। अस्पताल कर्मियों की सूचना पर सिडकुल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। मृतक द्वारा जहरीला पदार्थ खाने की वजह का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दी गई है।
वहीं दूसरी ओर सूचना पर सिडकुल पुलिस ने रावली महदूद से एक युवक को बेहोशी की हालत में बरामद कर उसको उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। जहां पर चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर शव को मोर्चरी में रखवा दिया। मृतक की शिनाख्त विजय सिंह पुत्र महाराज उम्र 34 वर्ष निवासी कुंदनपुर मुरादाबाद उत्तर प्रदेश हाल निवासी सीतापुर रेलवे फाटक ज्वालापुर के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना की सूचना मृतक के परिजनों को भेज दी है। पुलिस ने उक्त दोनों शवों को पोस्टमार्टम के पश्चात उनके परिजनों के सुपूर्द कर दिया।
जबकि तीसरी घटना में सिडकुल की कंपनी के इंजीनियर कपिल कुमार पुत्र गणेश सिंह उम्र 35 वर्ष निवासी बिलाल वाली मंडावली बिजनौर उत्तर प्रदेश हाल निवासी शिवालिक नगर रानीपुर 06 मई को संदिग्ध परिस्थितियों में काम करने के दौरान सिर पर गंभीर चोट लगने से घायल हो गया था। जिसको कंपनी के द्वारा इंजीनियर को उपचार के सिडकुल स्थित मेट्रो हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, जहां पर इंजीनियर की 12 मई की देर शाम उपचार के दौरान मौत हो गई। अस्पताल कर्मियों की सूचना पर सिडकुल पुलिस ने हॉस्पिटल पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। इंजीनियर के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया कल यानि शुक्रवार को शुरू की जाएगी। सिडकुल थाना प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार उनियाल ने बताया कि घटना के सम्बंध में परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जाएगी।
