युवती के परिजनों ने किया था शादी का विरोध
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। एक युवक ने सिड़कुल में प्रेमिका के परिजनों के शादी से इंकार करने पर क्षुब्ध् होकर ब्लेड से गले की नस कटकर जान देने का प्रयास किया। युवक के दोस्तों ने युवक को उपचार के लिए निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया है। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसके दोस्तों से मामले की जानकारी लेने के बाद युवक के परिजनों को सूचित कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सिडकुल स्थित सैलो कंपनी चौक के पास युवक ने ब्लेड से अपने गले की नस काट ली। जिससे वह लहूलुहान होकर सड़क के किनारे अचेत होकर गिर पड़ा। घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गयी। युवक के दोस्त उसको तत्काल उपचार के लिए निजी हाॅस्पिटल ले गये। जहां पर चिकित्सकों ने युवक को भर्ती कर पुलिस को सूचित कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।
बताया जा रहा हैं कि मिर्जापुर यूपी निवासी घायल युवक के दोस्तों ने पुलिस को बताया कि युवक का सिड़कुल क्षेत्र निवासी युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों शादी के लिए तैयार थे, लेकिन युवती के परिजनों को दोनों के प्रेम प्रसंग की जानकारी लगी तो उन्होंने शादी से साफ इंकार कर दिया। जिसके बाद से युवक मानसिक तनाव में था शायद इसी बात से दुखी होकर उसने ब्लेड से गले की नस काट कर आत्महत्या का प्रयास किया। पुलिस ने घायल युवक के परिजनों को मामले से अवगत कराते हुए जांच शुरू कर दी है।
सिड़कुल प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार उनियाल ने बताया कि एक युवक ने प्रेम प्रसंग के चलते ब्लेड से गले की नस काट कर सुसाइड का प्रयास किया है। जिसको उपचार के लिए निजी हाॅस्पिटल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने घटना की जानकारी उसके परिजनों को भेज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
