बस दुघर्टना में दो लोग बस में फंसे, पुलिस ने लोगों की मदद से बामुश्किल निकाला
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। श्यामपुर थाना क्षेत्रान्तर्गत रसियाबड के पास हाईवे पर बीती रात बारात से भरी बस और रोडवेज की बस की सीधी भिडत हो गई। घटना से बस में सवार लोगों में चीख पुकार मच गयी। घटना की सूचना पर श्यामपुर थाना एसओ नितेश शर्मा ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर बस में सवार यात्रियों को बाहर निकाला, घटना में दोनों बसों में सवार 15 लोग घायल हो गये। जबकि दो लोग बस के बीच बुरी तरह फंस गये। जिनको पुलिस और आसपास के लोगों ने बामुश्किल बाहर निकाल कर सभी घायलों को उपचार के लिए उप जिला मेला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने पांच घायलों की स्थिति को देखते हुए उनको भर्ती कर लिया।
थाना श्यामपुर एसओ नितेश शर्मा ने बताया कि बीती रात सूचना मिली कि रसियाबड के पास हाईवे पर दो बसों की भिडत हो गयी। सूचना पर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों बसों में सवार लोगों को बाहर निकाला गया। जिनमें 15 लोगों को उपचार के लिए उप जिला मेला अस्पताल भेजा गया। जबकि दो लोग बस में बुरी तरह फंस गये। जिनको भारी मशकत के बाद बाहर निकाल कर उनको उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
चिकित्सकों ने घायलों में पांच लोगों अनीश पुत्र मकबूल निवासी ग्राम नागलसोति नजीबाबाद जनपद बिजनौर, मुराद अली पुत्र वहीद निवासी ग्राम नागलसोति नजीबाबाद जनपद बिजनौर, सुहैल पुत्र मोहम्मद उमर निवासी ग्राम नागलसोति नजीबाबाद जनपद बिजनौर, नईम पुत्र इस्लामुद्दीन ग्राम नागलसोति नजीबाबाद जनपद बिजनौर और नाजिर शाह पुत्र हामिद शाह निवासी शहजादपुर उ0प्र0 की हालत देखते हुए उनको भर्ती कर लिया। जबकि अन्य घायलों को उपचार के बाद उनको छुट्टी दे दी। बताया जा रहा हैं कि बारात से भरी बस देहरादून से वापस नागल सोती बिजनौर लौट रही थी, तभी बिजनौर से हरिद्वार आ रही रोडवेज बस के साथ सीधी भिडत हो गई। गनीमत रही कि दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
