हरिद्वार से ही दो आरोपी गिरफ्तार, एक गोताखोर, दूसरा चाय वाला
आरोपियों से रंगदारी मांगने मेें इस्तेमाल किया गया मोबाइल बरामद
राजस्थान के व्यक्ति के खोये गये मोबाइल से मांगी जा रही थी रंगदारी
आरोपियों ने रायवाला के हार्डवेयर व्यापारी से भी मांगी थी रंगदारी
दोनों ने शराब पीने के दौरान बनाई थी रंगदारी मांगने की योजना
दोनों आरोपियों से पूछताछ में जुटी, आरोपियों पर हैं तीन मुकदमें दर्ज
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। हरिद्वार के हार्डवेयर व्यापारी के बेटे से कुख्यात के नाम पर धमकी भरी रंगदारी मांगने का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो को गिरफ्तार किया है। जिनके पास से पुलिस टीम ने व्यापारी के बेटे को कॉल और टेस्ट मैसेज भेजकर रंगदारी मांगने में इस्तेमाल मोबाइल फोन बरामद किये है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हरिद्वार से ही दबोचा है। जिनमें एक गोताखोर हैं, तो दूसरा चाय वाला है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ करने में जुटी है।

एसएसपी हरिद्वार अजय सिंह ने बताया कि हरिद्वार के हार्डवेयर व्यापारी संतोष महेश्वरी के बेटे को 09 मार्च 23 को कॉल कर गैंगस्टर लॉरेंस विश्नोई के नाम पर 20 लाख की धमकी भरी रंगदारी मांगी गयी थीं। पुलिस ने व्यापारी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मोबाइल नम्बर को सर्विलांस पर लगाकर धमकी भरी रंगदारी मांगने वालो की तलाश शुरू कर दी थी। इसी दौरान दोबारा व्यापारी के बेटे को 02 जून 23 की शाम को टेस्ट मैसेज भेजकर धमकी देकर रंगदारी मांगी गयी।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने दोबारा व्यापारी की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया। उनके द्वारा धमकी भरी रंगदारी मांगने वालों को दबोचने के लिए विशेष पुलिस का गठन किया गया। पुलिस ने कॉल व मैसेज भेजने वाले मोबाइल नम्बर को टेªस किया गया। जांच के दौरान मोबाइल नम्बर राजस्थान के व्यक्ति का निकाला। जिससे जानकारी ली गयी तो पता चला कि उसका मोबाइल खो गया था। जिसके सम्बंध में उसके द्वारा मोबाइल के खो जाने की सूचना पुलिस को दी थी।
कप्तान ने बताया कि इसी दौरान पता चला कि रायवाला क्षेत्र के हार्डवेयर व्यापारी को भी गैंगस्टर लॉरेंस विश्नोइ के नाम पर धमकी भरी रंगदारी मांगी गयी थी। पुलिस ने दोनों घटनाओं की कड़ीयों को जोड़ कर देखा तो जांच में पता चला कि दोनों व्यापारियो को धमकी देने वाले एक ही है। इस जानकारी पर पुलिस ने धमकी भरी रंगदारी मांगने वालो तक पहुंचने के लिए मुखबिरों को भी अलर्ट कर दिया। इसी दौरान पुलिस टीम ने मुखबिरों की सूचना पर दो संदिग्धों को दबोच लिया।
उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान शुरूआती दौर में दोनों संदिग्ध पुलिस टीम को गुमराह करते रहे। जब पुलिस टीम ने सख्ती दिखाई तो उन्होंने सच उगल दिया। जिन्होंने स्वीकार किया कि हरिद्वार के हार्डवेयर व्यापारी के बेटे और रायवाला हार्डवेयर व्यापारी को गैंगस्टर लॉरेंस विश्नोई के नाम पर धमकी भरी रंगदारी उनके द्वारा मांगी गई थी। पूछताछ के दौरान आरोपियो ने अपना नाम वीरेंद्र उर्फ छोटा सुनार पुत्र कैलाश चंद निवासी हरिपुर कला रायवाला और गोविंद बाबा पुत्र महाकाल गिरी निवासी हिल बाईपास खड़खड़ी हरिद्वार बताया है।
पूछताछ में पता चला हैं कि वीरेन्द्र उर्फ छोटा सुनार विलासपुर छत्तीसगढ स्थित अंग्रेजी माध्यम के स्कूल से पढ़ाई के दौरान छठवीं कक्षा में भागकर हरिद्वार आ गया था। तभी से वह हरिद्वार के गंगा घाटों पर गोताखोरी करने व गंगा ढूंढने वालों से गंगा मे मिलने वाले स्वर्ण अथवा चांदी के आभूषण खरीदकर आगे बेचने काम करता हैं जिसकारण उसका नाम छोटा सुनार पड़ा। वहीं दूसरा आरोपी गोविंद बाबा निर्धन निकेतन विद्यालय से दसवीं फेल होकर अस्थाई चाय की दुकान पंतद्वीप पार्किग में चलाता है। दोनो में घनिष्ठता हैं और अक्सर एक साथ बैठकर शराब पीते थे।
एसएसपी ने बताया कि जिन्होंने शराब पीने के दौरान रंगदारी मांगने का प्लान तैयार किया। दोनों ने अपनी योजना के तहत अपना टारगेट मोटी आसामी यानि हार्डवेयर व्यापारियों को चुना। जिन्होंने हरिद्वार के हार्डवेयर व्यापारी की दुकान पर लिखे मोबाइल नम्बर को नोट कर लिया। लेकिन रायवाला हार्डवेयर व्यापारी की दुकान के बोर्ड पर मोबाइल नम्बर ना लिखे होने पर उसके द्वारा संचालित स्कूल से नम्बर प्राप्त कर दोनों व्यापारियों से गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर धमकी भरी रंगदारी मांगी थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। जिनसे पुलिस पूछताछ कर रही है।
