♦27 यूनिट ब्लड, 27 खाली ब्लड बैग, 04 डोनर चेयर, डोनर फॉर्म बुक, वेट मशीन आदि बरामद
♦आरोपी एकत्रित ब्लड को बिजनौर में ले जाकर एक यूनिट 8-8 हजार में बेचते थे
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। कोतवाली लक्सर पुलिस ने सूचना पर गांव व देहात में बिना अनुमति के ब्लड डोनेशन कैंप लगाकर एकत्रित ब्लड को अन्य राज्यों में मोटी कीमत पर बेचे जाने का भंडाफोड करते हुए दो कारों में सवार पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की कार से 27 यूनिट ब्लड, 27 खाली ब्लड बैग, 04 डोनर चेयर, डोनर फॉर्म बुक, वेट मशीन, अमृत चौरिटेबल ब्लड सेंटर के 28 प्रमाणपत्र, स्लाइड तथा हाथ बांधने वाली 04 बेल्ट बरामद की है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज करते हुए मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि कोतवाली लक्सर पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग बिना अनुमति के ब्लड डोनेशन कैंप लगाकर एकत्रित ब्लड को अन्य राज्यों में मुंह मांगी कीमत पर बेच रहे है। इस सूचना को गम्भीरता से लेते हुए पुलिस ने सटीक सूचना पर दो कारों को अलावलपुर तिराहे के पास रोक कर तलाशी ली गई। पुलिस टीम को कार की डिग्गी से 27 यूनिट ब्लड, 27 खाली ब्लड बैग, 04 डोनर चेयर, डोनर फॉर्म बुक, वेट मशीन, अमृत चौरिटेबल ब्लड सेंटर के 28 प्रमाणपत्र, स्लाइड तथा हाथ बांधने वाली 04 बेल्ट बरामद की है।
उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना नाम अनित सैनी पुत्र राजेश कुमार निवासी फतवा, थाना लक्सर, हरिद्वार, शुभम कुमार पुत्र जीतराम निवासी ग्राम माड़ा बेला, पोस्ट चन्दपुरी कला, थाना खानपुर, हरिद्वार, दुष्यन्त कुमार पुत्र मदनलाल सैनी निवासी सुरेन्द्र नगर कॉलोनी, आवास विकास, थाना कोतवाली सदर, बिजनौर, उत्तर प्रदेश, कावेन्द्र कुमार, पुत्र विजयपाल सिंह निवासी निकट सद्भावना अस्पताल, हरतला, थाना सिविल लाइन, मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश और दया सिंह पुत्र ओमकार सिंह निवासी ग्राम ईसमपुर ढाणा, थाना गीनौर, जनपद सम्भल, उत्तर प्रदेश बताया है।
श्री भुल्लर ने बताया कि पूछताछ के दौरान पता चला हैं कि आरोपियों द्वारा एकत्रित किया गया ब्लड डोनेशन कैंप तीसरा हैं, इससे पूर्व वह दो डोनेशन कैंप लगा चुके हैं और एकत्रित ब्लड को बिजनौर में ले जाकर एक यूनिट ब्लड 8-8 हजार में बेचते थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सम्बधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा इस मामले में जांच की जा रही है। इस धंधे में ओर किसी की भी संलिप्ता पाई जाती हैं तो पुलिस उसके खिलाफ भी कार्यवाही करते हुए मामला दर्ज करेगी।
