मायके वालों को बिना सूचना दिये किया दाह संस्कार
बच्चा न होना हत्या की वजह बतायी जा रही
घटना के बाद हत्यारोपी फरार, पुलिस तलाश में जुटी
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। बच्चा न होने पर पति ने पत्नी की जहर देकर हत्या करने तथा मायके वालों को सूचना दिये बिना ही दाह संस्कार कर देने का मामला प्रकाश में आया है। घटना के सम्बंध् में मृतका की बहन की ओर से सिडकुल थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर हत्यारोपी की तलाश शुरू कर दी है।
सिडकुल थाना प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार उनियाल ने बताया कि बीती रात एक महिला श्रीमती राजेश निवासी बिशनपुर कुंडी थाना पथरी हरिद्वार ने थाना सिडकुल में तहरीर देते हुए शिकायत की है। शिकायत में कहा गया है कि उसकी छोटी बहन छोटी पत्नी कुंवरपाल उम्र 32 वर्ष निवासी रिठौरा ग्रंट थाना सिडकुल की उसके पति ने जहर देकर व गला दबाकर हत्या कर दी और शव को बिना मायके वालों को सूचना दिये दाह संस्कार कर दिया।
बताया जा रहा हैं कि मृतका का विवाह करीब 12 साल पूर्व हुआ था। बच्चा न होने की वजह से पति कुंवरपाल शराब पीकर अक्सर उसके साथ मारपीट करते हुए बच्चा न होने का ताना देकर उसको जिम्मेदार ठहराता था। पुलिस ने पीड़िता बहन की तहरीर पर हत्यारोपी पति पर सम्बंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। हत्यारोपी घटना के बाद से घर छोड़कर फरार है। पुलिस हत्यारोपी की गिरफ्रतारी के लिए उसके सम्भावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही हत्यारोपी पति को गिरफ्रतार कर लिया जाएगा।
