कप्तान ने अपनी टीम के साथ गंगा स्नान कर की पूजा अर्चना
एसएसपी के नेतृत्व में विभिन्न क्षेत्रों में चलाया सफाई अभियान
प्रशिक्षणाधिन रिक्रूटों को भी मेले का अनुभव देने के लिए कांवड़ मेले में लगाया
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। एसएसपी हरिद्वार अजय सिंह के नेतृत्व में कांवड़ मेले में नियुक्त 2000 के करीब पुलिस कर्मियों ने विष्णुघाट, रामप्रसाद गली एवं हिल-बाईपास में सफाई अभियान चलाकर आमजन एवं कांवड़ यात्रियों को प्रधानमंत्री के स्वच्छ भारत अभियान का संदेश देते हुए जागरुक किया। अजय सिंह समेत कांवड़ मेले में नियुक्त तमाम पुलिस ऑफिसर्स की मौजूदगी में चलाए गए सफाई अभियान के पश्चात विष्णुघाट में विधि-विधान से पूजा अर्चना कर मां गंगा का आशीवार्द लिया गया। सफाई अभियान के दौरान हाल ही में पुलिस विभाग का अंग बनकर विभिन्न ट्रेनिंग सेन्टर में प्रशिक्षण ले रहे रिक्रूट द्वारा भी प्रतिभाग किया गया।

प्रशिक्षणाधिन रिक्रूट को कांवड़ ड्यूटी हेतु हरिद्वार बुलाया गया है, ताकि वे भविष्य के लिए प्रशिक्षणकाल में ही समुचित अनुभव ले पाएं। रिक्रूट्स द्वारा सफाई अभियान के पश्चात गंगा घाट पर ही बैठकर सुक्ष्म जलपान का आनंद लिया। सफाई अभियान के पश्चात पुलिस कप्तान द्वारा एसपी क्राइम एवं ट्रैफिक श्रीमती रेखा यादव, एसपी देहात स्वप्न किशोर सिंह, एसपी सिटी स्वतंत्र कुमार सिंह सहित कांवड़ मेले में नियुक्त तमाम पुलिस ऑफिसर्स द्वारा गंगा घाट में डुबकी लगाकर मां गंगा के जयकारे लगाए। तत्पश्चात जिलाधिकारी हरिद्वार धीराज सिंह गर्ब्याल के साथ अजय सिंह एवं अन्य पुलिस ऑफिसर्स द्वारा कनखल स्थित श्रीदक्ष मंदिर पहुंचकर रुद्राभिषेक करते हुए भोलेनाथ का आशीवार्द लिया गया।
