मुकेश वर्मा
हरिद्वार। हरिद्वार में बीती रात से हो रही लगातार मूसलाधार बरसात से जन जीवन पूरी तरह अस्त व्यस्त हो गया, सड़कों पर भारी जल भराव के चलते लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड रही हैं। मौसम विभाग द्वारा हरिद्वार, रूडकी, लक्सर आदि क्षेत्रों में ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए बिजली चमकने और भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। जिसको देखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी स्कूलों व आंगनबाडी केंन्द्रों में अवकाश घोषित किया गया है।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों, उप जिलाधिकारियों एवं तहसीलदारों को अपने-अपने क्षेत्रों में पूर्ण सतर्कता एवं अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि भारी वर्षा के कारण उत्पन्न होने वाली किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गये है।
वहीं पुलिस प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है। पुलिस द्वारा बरसाती नालों व गंगा किनारे बसे लोगों को सुरक्षित स्थलों पर जाने तथा सचेत रहने के लिए अलर्ट किया जा रहा है। जबकि शहर में अधिक जल भराव वाले क्षेत्रों से लोगों को ना जाने की सलाह दी जा रही है। पुलिस और जिला प्रशासन भारी बरसात को देखते हुए अलर्ट मोड पर देखा जा रहा है।
