नीलधारा टापू पर बने कुंभ मीडिया सेंटर का किया उद्घाटन
लीना बनौधा
हरिद्वार। मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कहा कि कुंभ दिव्य व भव्य होगा, इसमें कोई संशय नहीं है। कुंभ में श्रद्धालु आये और गंगा में जितना मन करे स्नान कर पूजा अर्चना करेें, किसी को कोई रोकटोक नहीं है। लेकिन कोविड-19 की गाइड लाइन का जरूर पालन करें और स्नान करने से आने से पहले 72 घंटे पूर्व आरटीपीसीआर टेस्ट की नेगेटिव रिपोर्ट जरूर लाये। कोरोना संक्रमण रोकने के लिए हर हाल में गाइड लाइन का पालन कराया जाएगा। उसमें किसी को कोई छूट नहीं दी जाएगी।
श्री रावत आज गंगा पूजन के पश्चात नीलधारा टापू पर बने कुंभ मीडिया सेंटर का उद्घाटन के दौरान बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि कुंभ की व्यवस्था के लिए उनके अधिकारी जी जान से जुटे है। और हर वक्त श्रद्धालुओं की सुविधाओं व सुरक्षा के प्रति चितित रहते हुए अपने दायित्वों को भली भांति निभा रहे है। जब उन्होंने प्रदेश की मुख्यमंत्री की कमान सम्भाली तभी से उन्होंने कुंभ मेले को दिव्य व भव्य आयोजित करने के बात कही थी और आज भी उसी बात पर अडिग है।
तीर्थनगरी में कई मेलों का आयोजन होता हैं लेकिन कुंभ का आयोजन 12 साल बाद होता है और सभी श्रद्धालुओं की भावना होती हैं कि वह कुंभ में गंगा स्नान करें। प्रदेश की सरकार देश व विदेश के श्रद्धालुओं की भावनाओं व आस्था का ख्याल रखते हुए उनके लिए बेहतर व्यवस्था करने का काम कुंभ मेले में किया गया है। श्री रावत ने बिना किसी अखाडे का नाम लिए बिना ही अपनी नाराजगी प्रकट करते हुए कहा कि कुंभ में तैनात अधिकारी दिन रात कुंभ को बेहतर व दिव्य और भव्य बनाने के लिए मेहनत कर रहे है। किसी भी व्यक्ति को अगर कुंभ में स्थान की अवश्यकता हैं उसको पूरा कराया जा रहा है।
मेला क्षेत्र में लोगों को मूलभूत आवश्यकताओं को पूरा कराया जा रहा हैं। मेले में आने वाले हर व्यक्ति की मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति करना सरकार की जिम्मेदारी है और उसको पूरा कराया जा रहा है। लेकिन कुछ लोग ऐसा व्यवहार व आचरण करते है, वह ठीक नहीं है। कुंभ में तैनात अधिकारी किसी को भी ना नहीं कर रहे बल्कि हां करते हुए व्यवस्थाओं को अमली जामा पहना रहे है। उन्होंने कहा कि हरिद्वार में कुंभ 2021 भव्य व दिव्य होगा।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष प्रेम चंद अग्रवाल, शहरी विकास मंत्री बंशीधर भगत, मुख्य सचिव ओम प्रकाश, सचिव शहरी विकास शैलेश भगोली, मेलाधिकारी दीपक रावत, आईजी मेला संजय गुंज्याल, डीएम सी. रविशंकर, एसएसपी हरिद्वार सैंथिल अबुदई कृष्ण राज एस, एसएसपी कुंभ जन्मजेय खंडूरी आदि मौजूद रहे।
