♦पत्रकार वार्ता के दौरान अंकिता की चैट सार्वजनिक करने पर उठा उबाल
♦पहाडी महासभा, कांग्रेस के बाद अब जन अधिकारी पार्टी और उक्रांद के विरोध में उठे स्वर
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर उत्तराखंड में एक बार फिर सियासी पारा गरमा गया है। विनोद आर्य की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद प्रदेशभर में विरोध के स्वर तेज होने लगे हैं। इसी कड़ी में आज जन अधिकार पार्टी और उत्तराखंड क्रांति दल के संयुक्त तत्वावधान में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए विनोद आर्य के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान जन अधिकार पार्टी की राष्ट्रीय महामंत्री हेमा भंडारी ने विनोद आर्य द्वारा प्रेस कॉन्फ्रेंस में अंकिता भंडारी की कथित निजी चैट सार्वजनिक किए जाने पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि ये चौट पहले से मौजूद थीं तो इतने वर्षों तक इन्हें सार्वजनिक क्यों नहीं किया गया? आखिर अब इतने समय बाद इस तरह की बातें सामने लाने के पीछे क्या मंशा है? हेमा भंडारी ने प्रदेश सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि अंकिता भंडारी मामले में सरकार की भूमिका और कार्रवाई को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष-2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए अब विनोद आर्य को मैदान में उतारकर इस संवेदनशील मुद्दे को भटकाने और राजनीतिक रूप देने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि उन्होंने साफ कहा कि उत्तराखंड की जनता सब कुछ समझ रही है और अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की लड़ाई किसी भी कीमत पर कमजोर नहीं पड़ने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी केवल एक परिवार की बेटी नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड की बेटी थी। प्रदेश की जनता आज भी उसके लिए न्याय की मांग कर रही है। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि मामले से जुड़े सभी सवालों का निष्पक्ष जवाब दिया जाए और अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।



