मानदेय वृद्धि पर सरकार को घेरा, मुख्यमंत्री के आश्वासन पर उठाए सवाल
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का अपनी सालों से लंबित मांगों को लेकर अब गुस्सा सड़कों पर उतरता नजर आ रहा है। उत्तराखंड आंगनबाड़ी संयुक्त मोर्चा कर्मचारी संघ के बैनर तले बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने देवपुरा स्थित पार्क में एकत्रित होकर प्रदेश सरकार के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया।
इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार लगातार उन्हें आश्वासन देकर उनकी मांगों को टालने का काम कर रही है। प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं का कहना है कि कई बार मुख्यमंत्री से मुलाकात और वार्ता करने के बावजूद उनकी समस्याओं का कोई ठोस समाधान नहीं निकला है। खासतौर पर मानदेय वृद्धि की मांग लंबे समय से लंबित है, लेकिन सरकार की ओर से अब तक कोई स्पष्ट निर्णय नहीं लिया गया।
आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की प्रदेश महामंत्री ममता बादल ने कहा कि मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड स्थापना दिवस के अवसर पर उनकी मांगें पूरी करने का आश्वासन दिया था, लेकिन स्थापना दिवस पर भी सरकार ने मांगों को पूरा करने के बजाय 1 दिसंबर से लागू करने की बात कहकर मामले को आगे टाल दिया। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर 1 दिसंबर से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में कितनी वृद्धि की जाएगी, सरकार ने इस संबंध में अभी तक कोई स्पष्ट जानकारी सार्वजनिक क्यों नहीं की है।
ममता बादल ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सरकार की रीढ़ की हड्डी हैं। जनगणना से लेकर विभिन्न सरकारी योजनाओं और विभागीय जिम्मेदारियों तक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता दिन-रात मेहनत कर अपनी सेवाएं देती हैं। इसके बावजूद उनके मानदेय और अन्य जायज मांगों को लेकर सरकार गंभीरता नहीं दिखा रही है। कार्यकर्ताओं ने दो टूक कहा कि अब केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा, सरकार को उनकी मांगों पर ठोस निर्णय लेना होगा। लंबे समय से अपनी मांगों के लिए संघर्ष कर रही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने सरकार से जल्द सकारात्मक कार्रवाई की मांग की और चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों को लगातार नजरअंदाज किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।



