♦हरियाणा निवासी को उसकी समस्याओं से निजात दिलाने के लिए बुलाया था हरिद्वार
♦ठग पीडित को चकमा देकर 4 लाख 60 हजार से भरा बैग लेकर कार से हुए थे फरार
♦पुलिस ने सूचना पर नांकेबंदी कर चैकिंग अभियान चलाकर चिडियापुर के पास दबोचा
♦आरोपियो से ठगी गई रकम, आईफोन और कार बरामद, पुलिस ठगों की कंडली खंगाल रही
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। श्यामपुर पुलिस ने अंगोरा नाम से यूट्यूब चैनल और सोशल मीडिया के माध्यम से तंत्र-मंत्र व पूजा-पाठ के द्वारा भूत-प्रेत, और घरेलु समस्याओं से छुटकारा दिलाने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए कार सवार महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। जिनके पास से पुलिस ने हरियाणा निवासी पीडित से घरेलु समस्याओं से छुटकारा दिलाने के नाम पर चण्डी देवी मंदिर के पास विशेष पूजा-पाठ के बहाने ठगी गई 4 लाख 60 हजार की रकम, एक मटका और आईफोन बरामद किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज करते हुए मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। पुलिस इस बात का पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि आरोपियों ने किन-किन लोगों को अपनी ठगी का शिकार बनाया है।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि बीती रात कंट्रोल रूप से श्यामपुर पुलिस को सूचना मिली कि मन्नत ढाबा, चंडी मन्दिर के पास एक एंडवेचर कार सवार महिला समेत एक व्यक्ति एक व्यक्ति से चार लाठ साठ हजार की ठगी कर फरार हो गये है। सूचना पर श्यामपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पीडित विनोद निवासी सोनीपत हरियाणा से घटना की जानकारी जुटाते हुए तत्काल सभी पिकेट एवं चेक पोस्टों को अलर्ट मोड पर करते हुए क्षेत्र में नाकाबंदी कर व्यापक चैकिंग अभियान चलाया गया। इसी दौरान पुलिस ने चिडियापुर के पास कार को रोककर महिला समेत तीन आरोपियों को दबोच लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना नाम मलकीत उर्फ राकेश शर्मा उर्फ मोहित पुत्र श्रवण सिंह उर्फ नमो शान्त शर्मा, निवासी मोहल्ला चारजान, कस्बा मंडावर, जनपद बिजनौर, हाल निवासी चन्द्रमणी, देहरादून, मोन्टी जोशी पुत्र मुनेश कुमार जोशी, निवासी सब्जी मंडी के पास, थाना पटेलनगर, देहरादून और सोनम (काल्पनिक नाम ) निवासी थैलीसैण जनपद पौड़ी गढ़वाल, हाल निवासी तुनुवाला, भद्रकाली, देहरादून बताया है।
उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि उनके द्वारा अंगोरा नाम का एक यूट्यूब चैनल हैं जिसके माध्यम और सोशल मीडिया के जरिये तंत्र-मंत्र, पूजा-पाठ के जरिये भूत-प्रेत और घरेलु समस्याओं का छुटकारा दिलाने से संबंधित वीडियो अपलोड कर आमलोगों को अपने झांसे में लेते है। वीडियो से प्रभावित होकर विभिन्न राज्यों के लोग अपनी पारिवारिक समस्याओं, कथित भूत-प्रेत, ऊपरी बाधा एवं अंधविश्वास से जुड़ी परेशानियों के समाधान के लिए गिरोह से संपर्क करते थे।
एसएसपी ने बताया कि इसी तरह गिरोह के झांसे में आकर हरियाणा निवासी विनोद को चण्डी देवी मंदिर के पास विशेष पूजा कराने के लिए बुलाया था जिसका खर्चा 4 लाख 60 हजार बताया गया था, तय योजना के अनुसार गिरोह के सदस्यों ने पीड़ित को एक लाल धागे से बंधा मिट्टी का मटका देकर मंत्र जाप करने को कहा तथा नकदी से भरा बैग अपनी कार में रखवा लिया। इसके बाद पूजा की सामग्री लाने का बहाना बनाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया। पुलिस अब ठगों की ठगी का शिकार होने वाले पीडित लोगों की जानकारी जुटाने में जुटी है।
कप्तान ने कहा कि हरिद्वार पुलिस आमजन से अपील करती है कि किसी भी प्रकार के अंधविश्वास, तंत्र-मंत्र, भूत-प्रेत, ऊपरी बाधा अथवा चमत्कार के नाम पर धन की मांग करने वाले तथाकथित तांत्रिकों, बाबाओं एवं सोशल मीडिया चैनलों के झांसे में न आएं। यदि कोई व्यक्ति इस प्रकार की धोखाधड़ी का प्रयास करता है, तो तत्काल डायल-112 अथवा निकटतम पुलिस थाने को सूचना दें।
