गैंग के तीन सदस्य फरार, पुलिस टीम तलाश में जुटी
बदमाशों ने चार चोरी व एक लूट का किया खुलासा
चोरी का माल, नगदी, 315 बोर का तमंचा आदि बरामद
बाप-बेटे ने साहस दिखा कर मौके पर बदमाश को दबोचा
एसएसपी ने बाप-बेटे के साहस की तारीफ कर किया सम्मानित
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। घर में घुसकर बाप-बेटे पर हमला कर घायल करते हुए फाॅयर झोक कर लूट को अंजाम देकर फरार होने वाले सपेरा गैंग का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चार चोरियों व एक लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। जिनकी निशानदेही से पुलिस ने चोरी का माल, हजारों की नगदी व 315 बोर का एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस व खोखा बरामद किया है। जबकि गैंग के तीन सदस्य फरार होने में कामयाब रहे। जिनकी पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है। घटना का खुलासा एसएसपी हरिद्वार अजय सिंह ने गुरूवार को पुलिस कार्यालय रोशनाबाद के सभागार में पत्रकार वार्ता के दौरान किया।

उन्होंने बताया कि बुधवार की रात को ग्राम अलावलपुर लक्सर हरिद्वार निवासी निरपाल पुत्र रतन सिंह अपने बेटे उपलक्ष के साथ घर के आंगन में सो रहे थे। तड़के करीब सवा तीन बजे तीन बदमाश हाथों में लाठी-डण्डे, तमंचे व टार्च लेकर घर में घुस आये और घर को खंगालने लगे। इसी दौरान निरपाल की आंख खुल गयी। जिसने घर में जाकर देखा तो बदमाशों ने उसपर लाठी-डण्डे से हमला कर दिया। उसके विरोध करने पर आवाज होने पर उसके बेटा उपलक्ष भी जाग गया। जिसने बदमाशों को पकड़ने की कौशिश की, लेकिन बदमाशों ने उसपर भी लाठी-डण्डे से हमला कर घायल कर दिया। लेकिन बाप-बेटे तीनों बदमाशों पर भारी पड़ता देख एक बदमाश ने उपलक्ष पर फाॅयर झोंक दिया।
एसएसपी ने बताया कि गोली उपलक्ष की कनपटी को छुती हुई निकल गयी, लेकिन बाप-बेटों ने साहस दिखाते हुए तीनों बदमाशों से भिड़ गये और शोर मचा दिया। जिनके शोर से गांव में जाग हो गयी। ग्रामीणों को आते देख बदमाश सिरहाने रखे बटुये जिसमें आठ हजार, बेटे का आधार कार्ड और कुछ बर्तन लेकर भागने की कौशिश करने लगे। लेकिन उपलक्ष ने भागते हुए एक बदमाश को दबोच लिया। जब उसके साथी उसको छुड़ाने पहुंचे तो ग्रामीणों को आता देख वह नगदी व समान लेकर भागने में कामयाब रहे। पूछताछ के दौरान दबोचे गये बदमाश ने अपना नाम गगन पुत्र ओमप्रकाश निवासी घोसीपुरा पथरी हरिद्वार बताया। जिसके पास से ग्रामीणों ने एक 315 बोर का तमंचा व एक जिंदा कारतूस बरामद किया। सूचना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बदमाश को अपनी हिरासत में ले लिया। घटना की जानकारी आलाधिकारियों को दी गयी।

उन्होंने बताया कि सूचना पर पुलिस आलाधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी लेते हुए फरार बदमाशों को दबोचने के लिए दिशा निर्देश दिये। पुलिस ने दबोचे गये बदमाश से पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही से गैंग के तीन अन्य सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। जबकि गैंग के तीन सदस्य फरार होेने में कामयाब रहे। पूछताछ के दौरान दबोचे गये आरोपियों ने अपना नाम नितिन पुत्र विनोदनाथ, पूजा पत्नी सोनू बंगाली निवासीगण घोसी पुरा पथरी हरिद्वार और गौरवनाथ पुत्र बालकनाथ निवासी सपेरा बस्ती चण्डीघाट निकट कुष्टा आश्रम थाना श्यामपुर हरिद्वार बताया है। जबकि वतन पुत्र ओमप्रकाश, घमीर पुत्र नीटू और नीटू पुत्र कमल निवासीगण ग्राम घीस्सोपुरा पथरी जिला हरिद्वार फरार है। जिनकी पुलिस सरगर्मी से तलाश में जुटी है।
उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियो ने क्षेत्र में चार चोरियों और एक लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। जिनके निशानदेही से पुलिस ने 18 हजार 200 रूपये की नगदी, 315 बोर का एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा, सोने-चांदी के जेवरात, आधार कार्ड आदि बरामद किये है। एसएसपी अजय सिंह ने साहस दिखाकर घायल होने के बावजूद एक बदमाश को पकड़ने वाले बाप-बेटे को सम्मानित किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। जिनको मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।प्रेसवार्ता के दौरान एसपी देहात, एसपी क्राइम, गैंग का खुलासा करने वाली पुलिस टीम मौजूद रही।
