डीएम और एसएसपी का महंत रविन्द्र पुरी महाराज और श्रीगंगा सभा अध्यक्ष ने किया सम्मानित
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। कांवड़ यात्रा सकुशल एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न होने पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने हरकी पौड़ी पर मां गंगा की पूजा अर्चना कर तथा हरकी पौड़ी से पवित्र गंगा जल लेकर दक्षेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर पूजा अर्चना कर भगवान दक्षेश्वर महादेव का जलाभिषेक किया।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के हरकी पौडी पहुंचने पर कांवड़ मेला सकुशल सम्पन्न होने पर श्री गंगा सभा अध्यक्ष एवं राज्य मंत्री नितिन गौतम एवं अन्य पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया। वहीं जिलाधिकारी और एसएसपी के दक्षेश्वर महादेव मंदिर पहुंचने पर श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी के सचिव महंत रविन्द्र पुरी महाराज ने अंगवस्त्र एवं पटका पहनाकर सम्मानित किया।
इस दौरान जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने के लिए शासन एवं प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। सभी विभागों, सुरक्षा एजेंसियों एवं संबंधित संस्थाओं ने पूरी निष्ठा, समर्पण और आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया, जिसके परिणामस्वरूप लगभग 4 करोड़ 50 लाख से अधिक कांवड़िए पवित्र गंगाजल लेकर सकुशल अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए।
इस अवसर पर एसपी ट्रैफिक निशा यादव, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, उप जिलाधिकारी योगेश मेहरा, सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
