दमकल की चार गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर पाया काबू
एक दर्जन से अधिक झोपड़ियों को आग की चपेट से बचाया
आग बंद झोपड़ी से अन्य झोपड़ी में फैली, घटना में नहीं हुआ कोई हताहत
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित सर्वानंद घाट के पास गुरूवार देर रात झोपडी में आग लगने से हड़कम्प मच गया। सूचना पर दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची। लेकिन आग की भयवता को देखते हुए मेला ड्यूटी में तैनात दो गाड़ियों को भी मौके पर बुला लिया गया। दमकल विभाग कर्मियों ने दो घंटे की मशकत के बाद आग पर काबू पा लिया। गनीमत यह रहीं कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। आग की चपेट में आने से दो झोड़ियां जलकर राख हो गयी। दमकल विभाग की सक्रियता के चलते एक दर्जन से अधिक झोपड़ियों को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया।

मायापुर फाॅयर स्टेशन एसओ पीएस राणा ने बताया कि बीती देर रात करीब सवा एक बजे पंतद्वीप पार्किग के सटे सर्वानंद घाट के समीप बसी झोपड़ी में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना पर वह खुद छोटी व बड़ी गाड़ी मौके पर लेकर पहुंचे। मौके पर पर पहुंचकर झोपड़ी में लगी आग को काबू पाने का प्रयास किया गया। लेकिन आग की लपेटों को देखकर वहां बसी अन्य झोपड़ियों को बचाने के लिए मेला ड्यूटी पर लगी हरकी पौड़ी और खड़खड़ी क्षेत्र में तैनात दोनों गाड़ियों को मौके पर बुला लिया गया। दमकल की चारों गाड़ियों ने करीब दो घंटों की मशकत के बाद आग पर काबू पा लिया। राहत की बात यही कि आग की घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।

उन्होंने बताया कि आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। लेकिन इतनी जानकारी मिली हैं कि आग एक बंद झोपड़ी में लगी थी। सम्भावना हैं कि बंद झोपड़ी से शार्ट सर्किट से आग लगी हो क्योंकि बंद झोपड़ी से ही बिजली के तार होकर गुजर रहे थे। आग की चपेट में आने से दो झोपड़ियां जल कर राख हो गयी। दूसरी झोपड़ी में कुछ कांविडयों समेत अन्य लोग मौजूद थे। जिनको वहां से बामुश्किल निकाला गया। आग की घटना से वहां बसी करीब 14-15 झोपड़ियों को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया।
