♦बाप ने अपने दोस्त के साथ मिलकर दिया हत्या को अंजाम, शव गंगनहर में फैंका
♦मंगलौर पुलिस गोता खोर टीम के साथ मिलकर कर रही गंगनहर में शव की तलाश
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। मंगलौर पुलिस ने 13 साल की बच्ची की हत्या के आरोप में मृतका के पिता समेत दो को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने हत्यारोपी पिता के पास से एक 315 बोर का एक तमंचा बरामद किया है। पूछताछ के दौरान हत्यारोपियों ने बच्ची की गला घोट कर हत्या कर शव को गंगनहर में फैकने की बात कबूली है। पुलिस हत्यारोपियो की निशानदेही पर मृतका का शव गंगनहर में तलाश कर रही है। पुलिस ने हत्यारोपियों के खिलाफ सम्बंधित धाराओं मे मामला दर्ज कर लिया है।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के अनुसार कोतवाली मंगलौर पर मंगलौर निवासी एक महिला ने 21 अगस्त को तहरीर देकर शिकायत की थी कि उसका पति धनेश्वर उर्फ तोता अपने दोस्त आशीष उर्फ धोल्ला के साथ बाइक पर उसकी 13 साल की बेटी को ले गये थे। लेकिन वापस वह बेटी को लेकर घर पर नहीं पहुंचे। जब उसके द्वारा पति से बेटी के सम्बंध में जानकारी चाही। आरोप हैं कि उसके पति ने उसके साथ गाली गलोच करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने पीडिता की शिकायत पर मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने धनेश्वर उर्फ तोता के पास से 315 बोर का एक तमंचा बरामद किया। पूछताछ के दौरान धनेश्वर उर्फ तोता ने खुलासा किया कि उसको शक था कि उसकी बेटी किसी से बात करती है। जिसको काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन बेटी को समझाने का कोई असर नहीं हुआ। तब उसने अपने मित्र आशीष के साथ बाइक पर बहाने से अपनी बेटी को माता मंदिर के पास पुल पर ले जाकर कमीज से उसका गला घोट कर हत्या कर उसके शव को गंगनहर में फैंक दिया।
एसएसपी ने बताया कि पुलिस ने हत्यारोपियों निशानदेही पर बच्ची की हत्या कर गंगनहर में जहां पर शव फैंका था, शव की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने मृतका के पिता समेत दोनों हत्यारोपियों के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज करते हुए मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई बाइक को भी बरामद कर लिया है। हत्यारोपियों के खिलाफ मंगलौर और रूड़की में विभिन्न धाराओं मंे आधा दर्जन मुकदमें दर्ज है।
