दहेज के खातिर ससुरालिए महिला को कर रहे थे परेशान
शिकायत करने पर दी बच्चों समेत मां को ठिकाने लगाने की धमकी
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। तीन बच्चों के बाप ने पत्नी को तलाक दिये बिना दूसरी शादी करने तथा पुलिस से शिकायत करने पर बच्चों समेत मां को ठिकाने लगाने की धमकी देने का मामला प्रकाश मे आया है। पीडिता ने कोर्ट की मदद से कोतवाली रानीपुर में पति समेत ससुराल के छह सदस्यों पर मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली रानीपुर प्रभारी निरीक्षक रमेश तनवार ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने श्रीमती रविना पत्नी आकाश पुत्री राजपाल निवासी ग्राम पूरणपुर साल्हापुर रानीपुर हरिद्वार ने तहरीर देते हुए पति समेत छह लोगों पर दहेज उत्पीड़न समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। महिला ने तहरीर में कहा हैं कि उसका विवाह 06 मार्च 2014 को आकाश पुत्र नेकीराम निवासी ग्राम साल्हापुर रानीपुर हरिद्वार के साथ हुआ था।
आरोप हैं कि विवाह के कुछ दिन बाद से उसको दहेज कम लाने का ताना देकर उसका पति आकाश, जेठ राजेश, जेठान रीना पत्नी राजेश, देवर विकास, ननद गुडिया और पूजा निवासीगण ग्राम पूरणपुर साल्हापुर रानीपुर हरिद्वार परेशान करते हुए मारपीट करने लगे। ससुराल पक्ष की ओर से मोटरसाईकिल की डिमांड शुरू हो गयी। समय बीतता गया और ससुरालिए द्वारा उत्पीड़न किया जाता रहा। इसी बीच उसके एक बेटी और एक बेटे को जन्म दिया। उसके पिता ने पति की डिमांड पूरी करते हुए मोटरसाईकिल दे दी। उसका पति ट्रेक्टर चलाता हैं और बड़े-बड़े ठेके लेता है और काम के सिलसिले में बाहर भी जाता रहता है।
इसी दौरान पति आकाश के सम्बंध प्रीति नाम की महिला से हो गये। पति जब घर पर रहता तो मोबाइल पर उससे बातेें करता रहता। आरोप हैं कि कई बार आकाश महिला को लेकर जेठानी के कमरे पर भी गया, जिसके सम्बंध में पूरे परिवार को जानकारी थी। उसके द्वारा महिला का विरोध करने पर ससुरालियों द्वारा उसके साथ अभद्रता करते हुए मारपीट की जाती। इसी बीच उसके एक ओर बेटा हो गया, समय पर उसको दवा या खाना न देने पर वह बीमार हो गयी।
आरोप हैं कि पति ने उसका इलाज नहीं कराया, तो उसके द्वारा पिता को फोन पर मामले की जानकारी दी गयी। पिता ने उसके ससुराल पहुंचकर उसके पति और ससुराल पक्ष को काफी समझाया लेकिन कोई नतीजा न निकलता देख उसके पिता उसको और तीनों बच्चों को लेकर अपने घर आ गये। इसी दौरान पति के दोस्त रिंटू ने फोन पर जानकारी दी कि आकाश ने प्रीति नाम की महिला के साथ विवाह कर लिया है। जिसकी वीडियों और फोटो उसके मोबाइल भेज दी।
आरोप हैं कि मामले जानकारी पर उसने और उसके परिजनों ने विरोध किया तो पति समेत ससुरालियों ने उनको धमकाया कि अगर घटना की शिकायत पुलिस से की तो बच्चों समेत उसको जान से मार देगेें। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
