मुकेश वर्मा
हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में बीती रात से भारी बरसात लगातार जारी है। लगातार हो रही तेज बारिश के चलते शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है। लेकिन कांवड़ मेले की आस्था पर इसका कोई असर नहीं पड़ रहा हैं। मूसलाधार बारिश के बीच भी हरकी पौडी से गंगा जल भरकर शिवभक्त कावडियों के कंधों पर कांवड़ उठाकर अपने गंतव्यों की ओर बढ़ते जा रहे है। बरसात में भीगते हुए शिवभक्त पूरे उत्साह के साथ हर हर महादेव और बम-बम भोले बम के जयघोष लगाते हुए हाईवे और कांवड़ पटरी पर आगे बढ़ते नजर आ रहे हैं। वहीं प्रशासन भी मुसालाधार बरसात को लेकर अलर्ट मोड पर हैं।
मूसलाधार बरसात के चलते शहर भर के विभिन्न क्षेत्रों भगत सिंह चौक, रानीपुर मोड, कनखल और लाटोवाली में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। हालांकि आंतरिक मार्गों पर कांवड़ियों की एंट्री नहीं हैं। कांवड़ियों को कांवड़ पटरी और हाइवे से गुजारा जा रहा है। लेकिन तेज बरसात के कारण हुए जलभराव के कारण स्थानीय लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं दूसरी ओर लगातार हो रही मूसालाधार बरसात और पहाड़ी क्षेत्रों से छोड़े जा रहे अतिरिक्त पानी के कारण भीमगोड़ा बैराज पर गंगा का जलस्तर बढ़ गया है। गुरुवार सुबह नौ बजे गंगा का जलस्तर 292.75 मीटर रिकॉर्ड किया गया, जो चेतावनी निशान 293 मीटर से मात्र 25 सेंटीमीटर नीचे है। गंगा का खतरे का निशान 294 मीटर निश्चित है। जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
बताया जा रहा है कि पहाड़ों में लगातार हो रही भारी बरसात के कारण गंगा में अतिरिक्त पानी छोड़ा जा रहा है। इसी वजह से हरिद्वार पहुंचने वाले पानी की मात्रा बढ़ी है और भीमगोड़ा बैराज पर जलस्तर में लगातार इजाफा दर्ज किया जा रहा है। हालांकि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन प्रशासन किसी भी संभावित खतरे को देखते हुए पूरी तरह अलर्ट मोड में है। यूपी सिंचाई विभाग के अधिकारी लगातार गंगा के जलस्तर पर नजर बनाए हुए हैं।
वहीं निचले इलाकों में बाढ़ चौकियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। यूपी सिंचाई विभाग के जेई हरीश कुमार ने बताया कि बारिश के कारण गंगा का जलस्तर बढ़ गया है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। सभी बाढ़ चौकियां अलर्ट हैं और लोगों से गंगा किनारे न जाने की अपील भी की गई है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संबंधित अधिकारियों को गंगा के जलस्तर पर लगातार नजर बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। सभी बाढ़ चौकियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है और आपदा प्रबंधन, सिंचाई विभाग तथा पुलिस प्रशासन को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।
उधर, कांवड़ मेले के मद्देनजर पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार हाईवे, कांवड़ पटरी और गंगा घाटों पर तैनात हैं। निगम प्रशासन द्वारा जलभराव वाले क्षेत्रों में निकासी की व्यवस्था की जा रही है ताकि कांवड़ियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। नगर आयुक्त नंदन कुमार ने बताया कि जलभराव वाले स्थानों पर निगम कर्मचारियों की तैनाती की गई है। लगातार पंप लगाकर जल निकासी कराई जा रही है।
