यूनियन के नाम पर अवैध वसूली बर्दाश्त नहीं की जाएगीः एसएसपी
एसएसपी ने प्रकरण प्रकाश में आने पर दिये अधीनस्थों को निर्देश
ई-रिक्शा चालक की शिकायत पर पुलिस ने की कार्रवाई
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। बजरंग दल के जिला संयोजक व बंजरगी ई-रिक्शा यूनियन के प्रधान पर रजिस्ट्रेशन व टोकन समेत रोजना ई-रिक्शा चलाने के नाम पर अवैध वसूली करने के आरोप का मामला सामने आया है। एक ई-रिक्शा चालक ने कनखल थाने में तहरीर देकर बजरंग दल के नेता के खिलाफ अवैध वसूली करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। एसएसपी के आदेश पर कनखल पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।
कनखल थाना प्रभारी निरीक्षक मुकेश सिंह चौहान ने बताया कि एक ई-रिक्शा चालक दीपक तनेजा पुत्र देवाराम जनेजा निवासी आदर्शनगर ज्वालापुर ने कनखल थाने में तहरीर देकर शिकायत की है। तहरीर में आरोप लगाया हैं कि कोतवाली नगर क्षेत्र रोड़ी बेलवाला स्थित बजरंगी ई-रिक्शा यूनियन के प्रधान नवीन तेश्वर यूनियन में रजिस्ट्रेशन के नाम पर 11 हजार की मांग की गयी, वहीं 31 सौ रूपये का टोकन लगाया जाता है। आरोप हैं कि चालकों से रोड़ पर प्रतिदिन ई-रिक्शा चलाने के नाम पर 20 रूपये वसूले जा रहे है। यदि कोई चालक नहीं देता तो उसके साथ गाली गलोच करते हुए मारपीट की जाती है। इसकारण कई ई-रिक्शा चालक बेहद परेशान है।
आरोप हैं कि नवीन तेश्वर का पूरा गैंग हैं जोकि चालकों पर दबाब बनाकर पैसे वसूलता है। नवीन तेश्वर बजरंग दल का जिला संयोजक बताया जा रहा है। तहरीर में कहा हैं कि 02 दिसम्बर 22 की दोपहर को जब वह अन्य ई-रिक्शा चालकों नौशाद, हर्ष, आशीष समेत अन्य के साथ बंजरगी ई-रिक्शा यूनियन के प्रधान नवीन तेश्वर के पास पहुंचे और इतने पैसे मांगने के सम्बंध में जानकारी चाही। आरोप हैं कि नवीन तेश्वर उनके साथ गाली गलोेच करने लगा और धमकी दी कि जितने पैसे बोले हैं, अगर नहीं दिये तो ई-रिक्शा रोड़ पर चलने नहीं दूंगा। अगर रोड़ पर ई-रिक्शा चलाओगे तो जान से करवा कर कहा फिंकवाउंगा किसी को पता भी नहीं चलेगा और घर वाले ढूढते रहेगें। जिसके खौफ से हमे भूखे मरने की नौबत आ गयी है।पीडित ने तहरीर में नवीन तेश्वर के खिलाफ कानूनी कार्यवाही की मांग की गयी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर नवीन तेश्वर पर सम्बंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए जाच शुरू कर दी है।
वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने प्रकरण सामने आने पर अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि अगर इस प्रकार की कोई शिकायत आती है, तो मामले को गम्भीरता से लेते हुए आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया हैं कि यूनियन की आड़ में अवैध वसूली किसी भी कीमत पर नहीं होनी दी जाएगी।
