प्रतिनिधि मण्डल ने कर्मचारियों की मांगों को विस्तार से रखा
सीएमओ ने दिलाया जल्द मांगों के निस्तारण का भरोसा
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। चतुर्थ श्रेणी राज्य कर्मचारी संघ चिकित्सा स्वास्थ्य सेवाएं उत्तराखंड का एक प्रतिनिधि मण्डल कर्मचारियों की मांगों को लेकर सीएमओ हरिद्वार से मुलाकात की। प्रतिनिधि मण्डल ने कर्मचारियों की मांगों को सीएमओ हरिद्वार डॉ. मनीष दत्त के समक्ष विस्तार से रखा।
प्रतिनिधि मण्डल ने कहा कि जिले स्तर पर चतुर्थ श्रेणी कर्मियों की एसीपी नही लगाई गई है, वो लगाए जाने की कार्यवाही की जाये। चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के मृतक आश्रित की नियुक्ति एवं उनके देयकों का भुगतान शीघ्र किया जाए। चिकित्सा प्रतिपूर्ति बिलों का भुगतान, कर्मचारियों की वर्दी का भुगतान वेतन मद से किया जाये। कर्मचारियों के यात्रा भत्ता बिल जल्द से जल्द भुगतान किया जाए। कावड़ मेले में ड्यूटी कर रहे कार्मिको का यात्रा भत्ता का भुगतान कर दिया गया है। चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की वाहन चालक के पद पर पदोन्नति किये जाने का प्रस्ताव भी दिया गया।
प्रतिनिधि मण्डल ने कोविड महामारी के दौरान कार्य करने वाले कर्मचारियों को योग्यता के आधार पर पुनः नियुक्त किए जाने का अनुरोध किया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय एवं जिला क्षय रोग केंद्र में चौकीदार एवं सफाई नायकों को संविदा पर रखने तथा जनपद स्तर पर कर्मचारियों की जीपीएफ एवं सर्विस बुक पूर्ण करने की बात भी कही गयी है। चतुर्थ श्रेणी कर्मियों के स्तानन्तरण पर उनसे तीन इच्छुक स्थान मांगे जाये।
जिस तरह चिकित्सकों, नर्सेस, लिपिक, फार्मेसिस्ट से मांगे जाते हैं और 55 वर्ष से ऊपर वाले कर्मचारियों को स्थानांतरण एक्ट से मुक्त रखा जाए। कोविड महामारी में सबसे ज्यादा कार्य सफाई कर्मचारियों ठेका प्रथा उपनल कर्मचारियों, राजकीय चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी, नर्सेस संवर्ग, लेब टेक्नीशियन, फार्मेसिस्ट ने कार्य किया और 10 हजार प्रोहत्साहन भत्ता मिला चिकित्सकों को ओर अब एनएचएम कर्मियों को भी दस हजार दिए जा रहे हैं, लेकिन जिन्होंने सबसे ज्यादा कार्य किया, उन्हें आज तक कुछ नहीं मिल पाया है।
जिसपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा मनीष दत्त ने कहा कि कुछ मांगों का निस्तारण हो गया है, कुछ बाकी है उनका निस्तारण भी जल्द करा दिया जाएगा। प्रोहत्साहन भत्ते के लिए उनके द्वारा जल्द ही महानिदेशक से पत्राचार कर और व्यक्तिगत रूप से जल्द से जल्द भत्ता दिलाने की का भी आश्वासन दिलाया है। प्रतिनिधि मण्डल में प्रदेश अध्यक्ष दिनेश लखेडा, प्रदेश प्रवक्ता राजेन्द्र तेश्वर, कार्यवाहक जिला अध्यक्ष सुरेंद्र, जिला मंत्री राकेश भँवर मौजूद रहे।
