मुकेश वर्मा
हरिद्वार। तीर्थनगरी हरिद्वार में सावन मास के दूसरे सोमवार को विभिन्न शिवालयों में तड़के से ही जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की लम्बी-लम्बी कतारे लगी रही। श्रद्धालुओं ने गंगा जल, दूध, दही, शहद, शकर, बेलपत्री, फूल, फल आदि से भोले बाबा की पूजा अर्चना करते हुए परिजनों समेत शुभचिंतकों की कुशलता की कामना की। पुलिस प्रशासन की ओर से शहर के शिवालयों पर व्यवस्थाओं और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये थे। शिवालयों में तड़के से ही हर हर महादेव, बम बम भोले बम के उद्घोष से पूरा वातावरण शिवमय देखा गया। शिवालयों में जलाभिषेक के लिए बच्चे, बूढे, युवा सभी शिव की भक्ति में रंगे नजर आये।
सावन के दूसरे सोमवार को बिल्केश्वर महादेव, गुप्तेश्वर महादेव, पतालेश्वर महादेव, नागेश्वर महादेव, नीलेश्वर महादेव, दरिद्र भजन महादेव, दुखभजन महादेव, दक्ष प्रजापति महादेव, पशुपति महादेव आदि शिवालयों में तड़के से ही श्रद्धालुओं का जलाभिषेक के लिए भारी भीड देखी गयी। हर कोई शिवालयों के बाहर लगी लम्बी-लम्बी कतारों में लगकर अपने आराध्य भोले बाबा पर जलाभिषेक करते हुए पूजा अर्चना करने के लिए अपनी बारी की प्रतिक्षा करता नजर आया। सावन मास के दूसरे सोमवार को स्थानीय नागरिकों के अलावा विभिन्न प्रांतों से आये कांवडियों को भी जलाभिषेक के लिए कतारों में अपनी बारी का इंतजार करते हुए देखा गया।