♦सुरेश राठौर ने सामाजिक व राजनीतिक छवि खराब करने का लगाया आरोप
♦उर्मिला उनकी पत्नी हैं वह न्यायालय में जाए, ना कि सोशल मीडिया में उसका चरित्र हनन करें
♦उर्मिला सनावर कांग्रेस के संपर्क में है, उसके फोन की फोरेसिक जांच होनी चाहिए
♦कांग्रेस ने अंकिता भंडारी की मौत को मजाक बनाकर रख दिया
♦प्रदेश का माहौल खराब कर रही कांग्रेस की मान्यता समाप्त होनी चाहिए
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। पूर्व विधायक सुरेश राठौर ने अभिनेत्री उर्मिला सनावर और कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उर्मिला सनावर स्वयं को उनकी पत्नी बताकर सार्वजनिक मंचों और सोशल मीडिया पर उनकी सामाजिक व राजनीतिक छवि खराब करने का काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि यदि वह वास्तव में उनकी पत्नी हैं तो न्यायालय का दरवाजा खटखटाएं, न कि सोशल मीडिया के माध्यम से उनका चरित्र हनन करें। पूर्व विधायक सुरेश राठौर गुरूवार को प्रेस क्लब हरिद्वार में पत्रकारों से रूबरू हो रहे थे।
उन्हांेने आरोप लगाया कि उर्मिला सनावर उनके परिवार को तोड़ने का प्रयास कर रही हैं। उनके खिलाफ कालनेमी जैसे शब्दों का प्रयोग कर बदनाम किया जा रहा है। उर्मिला सनावर के खिलाफ पुलिस में रिपोर्ट भी दर्ज करायी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। उर्मिला सनावर कांग्रेस के संपर्क में है उसके मोबाइल फोन की फोरेसिक जांच होनी चाहिए। जिससे सामने आ जाएगा कि कांग्रेस के कौन-कौन नेता उर्मिला सनावर से संपर्क कर रहे हैं।
सुरेश राठौर ने आरोप लगाया कि पूरा प्रकरण कांग्रेस की साजिश है। सब कुछ कांग्रेस के इशारे पर किया जा रहा है। उर्मिला सनावर को टूल के रूप में कांग्रेस पार्टी इस्तेमाल कर रही है। कांग्रेस ने अंकिता भंडारी की मौत को मजाक बनाकर रख दिया है। प्रदेश का माहौल खराब कर रही कांग्रेस की मान्यता समाप्त की जानी चाहिए। पूर्व विधायक ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाए और उर्मिला सनावर के खिलाफ कार्रवाई की जाए। यदि वे दोषी हैं तो किसी भी कार्रवाई के लिए वह तैयार हैं।
पूर्व विधायक ने कहा कि उन्होंने भाजपा के विभिन्न पदों पर रहते हुए हमेशा समाज को जोड़ने का कार्य किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सरकार की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार बेहतर कार्य कर रही है। अपने खिलाफ दर्ज ताजा मुकदमे को लेकर राठौर ने कहा कि यदि जांच में वह दोषी पाए जाते हैं तो जेल जाने के लिए भी तैयार हैं, लेकिन पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच होनी चाहिए।
