12 बोर का तमंचा, दो चाकू और लूटा गया मोबाइल बरामद
बदमाश गांव के एक युवक की हत्या के लिए चाहते थे कार लूटना
कार नहीं लूट पाने पर बदमाशों ने बाइक सवार को ही लूटा
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। कोतवाली रानीपुर पुलिस और सीआईयू की सयुंक्त टीम ने गोली मारकर बाइक व मोबाइल लूट की घटना का खुलासा करते हुए तीन बदमाशों को गिरफ्रतार किया है। जिनके पास से पुलिस ने एक 12 बोर का तमंचा, चार जिंदा कारतूस और दो चाकू बरामद किये है। बदमाशों ने पांच दिन पूर्व सुमन नगर क्षेत्र में रात को बाइक सवार से लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस ने बदमाशों से लूटा गया मोबाइल बरामद किया है। घटना का खुलासा एसपी सिटी स्वतंत्र कुमार ने गुरूवार को कोतवाली रानीपुर परिसर में पाकार वार्ता के दौरान किया।

उन्होंने ने बताया कि 19 अगस्त की रात बाइक सवार को कलियर शरीफ की ओर जाते वक्त सुमन नगर क्षेत्र बन्ध न. 03 सूखी नदी के पास दो बदमाशों ने बाइक सवार को गोली मारकर बाइक व मोबाइल लूट कर फरार हो गये थे। घटना में बाइक सवार के पैर में छर्रे लगने पर उसको उपचार के लिए जिला अस्पताल से एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया था। घटना के सम्बंध में पुलिस ने 20 अगस्त को अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी थी।

उन्होंने बताया कि 24 अगस्त की रात को सूचना मिली कि पथरी पुल सुखी नदी के पास तीन संदिग्ध देखे गये है जोकि हथियारों से लैस हैं और किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में है। इस जानकारी पर पुलिस ने सीआईयू प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्र सिंह बिष्ट को सूचना से अवगत कराया गया। सूचना को गम्भीरता से लेते पुलिस और सीआईयू टीम ने घेराबंदी कर मौके से तीन संदिग्धों को दबोच लिया। जिनके पास से पुलिस ने एक 12 बोर का तमंचा, चार जिंदा कारतूस और दो चाकू बरामद किये है।
एसपी सिटी ने बताया कि पुलिस टीम आरोपियों को लेकर कोतवाली रानीपुर पहुंचीं। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना नाम राहुल कश्यप पुत्र किरणपाल निवासी तिलफरा ऐकबाद थाना ननौता जिला सहारनपुर, प्रयास मीणा पुत्र राजेश मीणा निवासी ग्राम पालमपुर थाना हिण्डोल जिला करोली राजस्थान और गोल्डी सिंह पुत्र बलवन्त सिंह निवासी मौहल्ला अफगान थाना ननौता जिला सहारनपुर बताते हुए 19 अगस्त की रात को गोली मारकर बाइक व मोबाइल लूट की वारदात को अंजाम देना कबूल किया है। पुलिस ने आरोपियों से लूटा गया मोबाइल बरामद किया है।
पूछताछ के दौरान आरोपी राहुल ने बताया कि वह कार को लूटना चाहते थे लेकिन उस दिन कोई कार चालक को रोक नहीं पाये, तो उन्होंने बाइक सवार अताउर्र रहमान पुत्र मौ0 आरिफ निवासी सलेमपुर रानीपुर हरिद्वार से लूट की घटना को अंजाम दिया। जब वह घटना को अंजाम देकर महादेवपुरम के रास्ते भागे तो मन्त्रा अपार्टमेन्ट के पास पुलिस की चैकिंग को देख कर बाइक को छोडकर भाग गये।
पूछताछ के दौरान आरोपी राहुल ने खुलासा किया कि वह गांव के राजपूत बिरादरी के लोकेश पहलवान से उसकी दुश्मनी चली आ रही हैं, उसकी हत्या के इरादे से तमंचा खरीदा था और एक कार की जरूरत थी। बुधवार की रात को भी वह कार लूटने के इरादे से आये थे कि पकड़े गये। एसपी सिटी ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है। प्रेसवार्ता के दौरान सीओ देहात बहादुर सिंह चौहान, कोतवाली रानीपुर प्रभारी निरीक्षक रमेश तनवार, सीआईयू प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्र सिंह बिष्ट समेत बदमाशों को दबोचने वाली टीम के सदस्य मौजूद रहे।
