
*बसंत पंचमी स्नान एवं जनपद में गतिमान राष्ट्रीय खेलों में सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
*नियुक्त कर्मियों को सघन चौकिंग एवं सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता रखने के दिए निर्देश
*राष्ट्रीय खेल एवं बसंत पंचमी स्नान की व्यवस्थाओं को लेकर सीसीआर में ली बैठक
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। एडीजी कानून व्यवस्था वी. मुरुगेशन एवं आईजी गढ़वाल रेंज राजीव स्वरूप आज हरिद्वार पहुंचे। जिन्होंने जनपद में चल रहे 38वें राष्ट्रीय खेलों की सुरक्षा व्यवस्था और कल होने जा रहे बंसत पंचमी स्नान पर्व की व्यवस्थाओं को जायजा लेते हुए अधिकारियों की सीसीआर टॉवर में बैठक ली। एडीजी कानून व्यवस्था वी. मुरुगेशन एवं आईजी गढ़वाल रेंज राजीव स्वरूप का हरिद्वार पहुंचने पर एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल एवं अन्य पुलिस ऑफिसर्स द्वारा पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया।

एडीजी कानून व्यवस्था और आईजी गढवाल रेंज राजीव स्वरूप ने नेशनल खेल स्थलों का निरीक्षण करते हिुए प्रवेश द्वार, दर्शक दीर्घा एवं खिलाड़ियों के लिए आगमन व निकासी द्वार सहित अन्य व्यवस्थाओं का मौके पर जायजा लेते हुए जनपद अधिकारियों को सभी आगंतुकों की सघन चैकिंग करने तथा बिना किसी ढ़िलाई के सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए। दोनों अधिकारियों ने नेशनल खेलों के स्थलों का निरीक्षण करने के पश्चात सीधे सीसीआर टॉवर पहुंचे। जहां पर एडीजी कानून व्यवस्था और आईजी गढवाल रेंज राजीव स्वरूप ने कल होने जा रहे बंसत पंचजी स्नान की सुरक्षा व्यवस्थाओं के सम्बंध में जनपद के राजपत्रित पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की।

बैठक में पुलिस प्रशासन द्वारा बसंत पंचमी स्नान पर्व के लिए की गयी सुरक्षा, यातायात समेत अन्य व्यवस्थाओं के सम्बंध में उक्त दोनों अधिकारियों को अवगत कराया। जिसमें श्रद्धालुगण के आगमन एवं निकासी रास्तों के लिए पुलिस का ट्रैफिक प्लान एवं विभिन्न ड्यूटी पॉइंट पर नियुक्त किए गए अधिकारियों के संदर्भ में विस्तार से जानकारी शामिल है। इस दौरान एसपी सिटी पंकज गैरोला द्वारा स्नान पर्व को सकुशल संचालित किए जाने हेतु हरिद्वार पुलिस द्वारा तैयार किए गए प्लान में अपने लंबे अनुभव के आधार पर आवश्यक सुझाव दिए तथा भीड़ बढ़ने की स्थिति में अपनाए जाने वाले कंटीन्जेंसी प्लान के बारे में बताया।

बैठक में एडीजी कानून व्यवस्था वी मुरूगेशन द्वारा राष्ट्रीय खेलों में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया। साथ ही वंदना कटारिया स्टेडियम में होने वाले कबड्डी के सेमी फाइनल मैच एवं हॉकी के महत्वपूर्ण मैच के दौरान किसी भी प्रकार की सुरक्षा में कोताही न बरतने के स्पष्ट निर्देश दिये। वहीं कल बसंत पंचमी स्नान पर लाखों श्रद्धालुओं के आने की संभावना के दृष्टिगत अलर्ट रहते हुए सभी ड्यूटी पॉइंट पर सुरक्षा में लगे जवानों को पहले ब्रीफ करने के उपरांत ड्यूटी पॉइंट पर भेजने एवं पूर्ण सतर्कता बरतते के निर्देश दिए।