सभी को साथ लेकर शहर का विकास होगा
जनता, बुद्धिजीवियों, संत, वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं के मार्ग दर्शन में होगा काम
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। शहर को सुन्दर व साफ बनाने के साथ-साथ गालियों व सड़कों को रोशन करने का प्रयास किया जा रहा है। विश्व प्रसिद्ध तीर्थनगरी में आने वाले श्रद्धालुओं व पर्यटकों के मन में हरिद्वार शहर की छवि अच्छी जाए। इस को ध्यान में रखते हुए शहर में बढती गंदगी को साफ करने तथा नालों व नालियों की सफाई करायी जा रही है। इस बात की जानकारी आज मेयर बनने के बाद पहली बार प्रेस क्लब हरिद्वार में पत्रकारों से रू-ब-रू होते हुए मेयर अनिता शर्मा ने दी। उन्होंने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था से किसी प्रकार का खिलवाड नहीं होने दिया जाएगा। मेयर शपथ लेने के बाद वह कनखल, भीमगोड़ा, खड़खड़ी, हरकी पौड़ी, हरिद्वार, जगजीतपुर आदि क्षेत्रों का निरीक्षण कर वहां के लोगों से होने वाली परेशानियों को समझा और उनको भरोसा दिलाया गया हैं कि उनकी समस्याओं का समाधान हर कीमत पर किया जाएगा। इसी कड़ी में अन्य क्षेत्रों के निरीक्षण करने का दौर अभी जारी है। जब तक नगर निगम की सीमा क्षेत्रों का पूरा दौरा कर वहां की समस्याओं की जानकारी लेकर उनके निदान करने की प्रक्रिया शुरू नहीं कर देती, तब तक वह शांत नहीं बैठेगी। मेयर ने कहा कि जनता ने जिस उम्मीद के साथ उनको मेयर बनाया है। वह उनकी अपेक्षाओं पर उतरने का प्रयास करेगी। इतना ही नहीं वह जनता, संत समाज, शहर की बुद्धिजीवियों सहित अपने वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं के मार्ग दर्शन में शहर हित के लिए कार्य करेगी। नगर निगम को चलाने के लिए सभी पार्षदों को साथ लेकर काम करेगी। शहर के सभी पार्षदों की जिम्मेदारी अपने-अपने क्षेत्रों के विकास की हैं और वह बिना किसी द्वेष भावना के पार्षदों को सम्मान देते हुए विकास के कार्यो को आगे बढायेगी। मेयर पति एवं पूर्व सभासद अशोक शर्मा ने कहा कि नगर निगम को चलाने के लिए धन की आवश्यकता होती है। लेकिन मौजूदा समय में निगम का खजाना खाली है। जिन कार्यो के लिए निगम को सरकार से धन आंवटित हुआ था। उन पैसों का सही इस्तेमाल नहीं हो सका। इसलिए वह लेप्स हो गये थे, इस धन को वापस निगम में मांगने के लिए कार्यवाही शुरू कर दी गयी है। नगर निगम का विस्तार तो कर दिया गया। लेकिन सफाई कर्मियों की संख्या बढाई नहीं गयी है। जिसकारण सफाई व्यवस्था में दिक्कते सामने आ रही है, मगर सफाई व्यवस्था को बदस्तूर जारी रखने के लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ी जाएगी। लेकिन धन के आभाव में शहर में सफाई, विधुत से लेकर विकास की गति को रूकने नहीं दिया जएगा। इसके लिए चाहे उनको किसी भी स्तर पर जाने पड़े वह जाएगें। चाहे उनको अपने को गिरवी रखना पड़े या फिर हाथ फैलाने पड़े उसके भी वह पीछे नहीं हटेगें। पूर्व पालिकाध्यक्ष सतपाल ब्रहा्रचारी ने कहा कि शहर के विकास में हर सम्भव प्रयास मेयर द्वारा किये जाएगे। कांग्रेस का हर सिपाही मेयर के साथ कंधे से कंधा मिला कर खड़ा है। प्रेसवार्ता के दौरान वरिष्ठ कांग्रेसी नेता संजय पालीवाल, प्रदीप चौधरी, संजय अग्रवाल, पार्षद अनुज सिंह, राम किशन कोरी आदि नेता मौजूद थे।
